कार में भरकर ले जाई जा रही थी गांजे की खेप, पुलिस ने दबोचा तस्कर : तीन बोरियों से बरामद हुआ करीब 87 किलो गांजा !

दतिया। जिले में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। बसई थाना पुलिस ने देर रात कार्रवाई करते हुए एक कार से भारी मात्रा में गांजा बरामद किया है। मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है, जबकि पुलिस अब इस खेप के स्रोत और इससे जुड़े नेटवर्क की जांच में जुटी है।

जानकारी के अनुसार पुलिस को गश्त के दौरान सूचना मिली थी कि एक संदिग्ध वाहन में मादक पदार्थ की बड़ी खेप ले जाई जा रही है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए मकडारी रोड पर निगरानी बढ़ाई और संदिग्ध कार को रोककर जांच शुरू की।

वाहन की तलाशी के दौरान कार में रखी प्लास्टिक की बोरियों से बड़ी मात्रा में गांजा बरामद हुआ। जांच में कुल 86.85 किलोग्राम गांजा पाया गया, जिसे पुलिस ने जब्त कर लिया। इसके साथ ही परिवहन में उपयोग की जा रही कार को भी कब्जे में लिया गया है।

पुलिस के अनुसार पकड़े गए आरोपी ने पूछताछ में अपनी पहचान बसई थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी के रूप में बताई है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि गांजे की खेप किसी अन्य स्थान तक पहुंचाई जा रही थी। हालांकि यह खेप कहां से लाई गई थी और इसे किसे सौंपा जाना था, इसकी जांच जारी है।

करीब 20 लाख रुपये का माल जब्त : पुलिस अधिकारियों के मुताबिक बरामद गांजे की बाजार कीमत लाखों रुपये आंकी गई है। जब्त वाहन और मादक पदार्थ को मिलाकर कुल जब्ती की कीमत लगभग 20 लाख रुपये के आसपास बताई जा रही है।

सप्लाई चेन की तलाश में जुटी पुलिस : मामले में आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर लिया गया है। पुलिस अब यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि इस तस्करी में और कौन-कौन लोग शामिल हैं। साथ ही गांजे की सप्लाई चेन और संभावित खरीदारों के संबंध में भी जानकारी जुटाई जा रही है।

Share

Share on whatsapp
Share on facebook
Share on twitter
error: Content is protected !!