दतिया। शहर में मंगलवार दोपहर उस समय हड़कंप मच गया, जब आपसी रंजिश के चलते एक डेयरी संचालक की बेरहमी से हत्या कर दी गई। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल बन गया, वारदात नगर की अंगद कॉलोनी में स्थित अंगद सरकार मंदिर के पास हुई,
जहां कुछ लोगों ने पत्थरों और धारदार हथियार से हमला कर युवक को मौत के घाट उतार दिया। हालांकि पुलिस की तत्परता से स्थिति पर जल्द नियंत्रण पा लिया गया।
सब्जी लेने निकला था, लौटकर नहीं आया अखिलेश : मृतक की पहचान 35 वर्षीय अखिलेश यादव (पिता सुरेंद्र यादव उर्फ गब्बर) के रूप में हुई है, जो पेशे से डेयरी संचालक था। बताया गया कि वह मंगलवार दोपहर करीब 12 बजे घर से सब्जी लेने निकला था, लेकिन कुछ ही देर बाद उसका खून से सना शव मंदिर के पास पड़ा मिला। राहगीरों ने जब युवक को इस हालत में देखा तो तुरंत पुलिस को सूचना दी।
मौके से मिले हथियार : घटनास्थल के आसपास पुलिस को लोहे का बका और एक देशी कट्टा भी मिला है, जिसे हमलावर भागते समय फेंक गए थे। शुरुआती जांच में सामने आया है कि सिर पर धारदार हथियार और पत्थरों से किए गए वारों के कारण अखिलेश की मौत हुई।
परिजनों का आक्रोश, पुलिस ने संभाला मोर्चा : हत्या की खबर फैलते ही परिजन और स्थानीय लोग बड़ी संख्या में मौके पर पहुंच गए। गुस्साए लोगों ने लहार रोड पर जाम लगाने की कोशिश भी की, लेकिन मौके पर पहुंचे एसडीओपी अजय चानना और थाना प्रभारी सुनील बनोरिया ने समझाइश देकर स्थिति को नियंत्रण में लिया और यातायात बहाल कराया।
पुरानी रंजिश से जुड़ा मामला : पुलिस की प्रारंभिक पड़ताल में यह बात सामने आई है कि अखिलेश का अपने कुछ पड़ोसियों और पुराने परिचितों से पहले से विवाद चल रहा था। संदेह के घेरे में रवि बघेल और देवेंद्र बघेल के नाम सामने आए हैं, जो आपस में रिश्तेदार बताए जा रहे हैं। पुलिस जब उनकी तलाश में पहुंची तो दोनों के घरों पर ताले मिले, जिससे उनके फरार होने की संभावना जताई जा रही है।
दफीने को लेकर भी उठे सवाल : जांच के दौरान एक और पहलू सामने आया है। पुलिस को जानकारी मिली है कि घटना से एक रात पहले अखिलेश कुछ लोगों के साथ सेवढ़ा क्षेत्र में जिंदपीर बाबा की दरगाह के पास गया था। ऐसे में किसी लेन-देन या दफीने को लेकर हुए विवाद को भी हत्या की वजह माना जा रहा है। पुलिस हर एंगल से जांच कर रही है।
मंदिर परिसर में मिले खून के निशान : पुलिस के अनुसार मंदिर परिसर और उसके आसपास कई जगह खून के धब्बे पाए गए हैं। इससे यह आशंका गहराई है कि हमला पहले मंदिर के भीतर या पास में हुआ और बाद में शव बाहर फेंका गया। इस आधार पर वहां मौजूद लोगों से भी पूछताछ की जा रही है।
जल्द होगा खुलासा : पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले से जुड़े सभी पहलुओं की बारीकी से जांच की जा रही है। आरोपियों की तलाश तेज कर दी गई है और जल्द ही हत्या की पूरी सच्चाई सामने लाई जाएगी।


