विषाक्त भोजन करने से चार लोगों की मौत : एक दर्जन अस्पताल में भर्ती,आयोजन में भोजन करने आए थे लोग

दाहोद (गुजरात)  : गुजरात के जनजातीय बहुल दाहोद जिले के एक गांव में गत दिवस एक धार्मिक समारोह के दौरान संभवत: विषाक्त भोजन करने के बाद चार लोगों की मौत हो गई और 12 अन्य बीमार हो गए। पुलिस की ओर से यह जानकारी दी गई है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि अस्पताल में भर्ती लोगों में से दो की हालत गंभीर है और उनका देवगढ़ बरिया के अस्पताल में उपचार चल रहा है।

बताया जाता है कि गांव में एक धार्मिक समारोह था। जिसमें ग्रामीणजन काफी संख्या में शामिल हुए थे। इस दौरान भोज भी आयोजित किया गया था। आसपास के लोगों ने यहां भोजन भी किया। जिसके बाद कुछ लोगों की तबियत बिगड़ने लगी।

जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। जहां उनमें से 4 की मौत हो गई। जबकि करीब एक दर्जन लोगों को उपचार के लिए भर्ती कर लिया गया है। पुलिस के मुताबिक अस्पताल में भर्ती कराए गए लोगों में से दो की हालत भी नाजुक बताई गई है। पुलिस ने शंका जताई है कि संभवत: विषाक्त भोजन के कारण उक्त लोगों की मौत हुई है।

पुलिस के मुताबिक भुलवान गांव में जनजातीय समुदाय के एक पारंपरिक धार्मिक कार्यक्रम के दौरान विषाक्त भोजन करने से यह हादसा घटित हुआ है।

बताया जाता है कि निवासियों ने इस दौरान देसी शराब भी पी होगी। फिलहाल मौत के सटीक कारण का पता लगाने की कोशिश की जा रही है। इस हादसे के बाद गांव में शोक का माहौल है।

Share

Share on whatsapp
Share on facebook
Share on twitter
error: Content is protected !!