शिवपुरी। केंद्रीय संचार एवं उत्तर पूर्वी क्षेत्र विकास मंत्री ज्योतिरादित्य एम. सिंधिया ने बुधवार को मध्य प्रदेश के शिवपुरी (काकरवाया) में देश के सातवें राष्ट्रीय डाक प्रशिक्षण केंद्र का भूमि पूजन कर शिलान्यास किया। इसके साथ ही उन्होंने अत्याधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित नवीनीकृत शिवपुरी प्रधान डाकघर का भी विधिवत उद्घाटन किया। यह कदम डाक विभाग के आधुनिकीकरण और कर्मचारियों के तकनीकी क्षमता निर्माण की दिशा में मील का पत्थर साबित होगा।
प्रशिक्षण के लिए अब 600 किमी दूर नहीं जाना पड़ेगा : समारोह को संबोधित करते हुए केंद्रीय मंत्री सिंधिया ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘विकसित भारत’ संकल्प के तहत डाक सेवाओं को पूरी तरह तकनीक-सक्षम बनाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि पहले मध्य प्रदेश के डाक कर्मचारियों को विशेष प्रशिक्षण प्राप्त करने के लिए करीब 600 किलोमीटर दूर जाना पड़ता था, लेकिन शिवपुरी में इस केंद्र की स्थापना से राज्य और पड़ोसी प्रांतों के कर्मियों को स्थानीय स्तर पर ही आधुनिक तकनीकों, डिजिटल संचालन और नागरिक-केंद्रित सेवाओं का प्रशिक्षण मिल सकेगा।
सहारनपुर, वडोदरा के बाद नेटवर्क में जुड़ा शिवपुरी : वर्तमान में देश में सहारनपुर, वडोदरा, मैसूरु, गुवाहाटी, मदुरै और दरभंगा में 6 डाक प्रशिक्षण केंद्र संचालित हैं। शिवपुरी का यह नया केंद्र देश का 7वां संस्थान होगा, जो राष्ट्रीय स्तर पर डाक कर्मियों को उभरती प्रौद्योगिकियों और आधुनिक डाक सेवाओं में दक्ष बनाएगा।
एसपीए डिजाइन पर संवरा प्रधान डाकघर, ‘जन सेवा कनेक्ट’ की शुरुआत : केंद्रीय मंत्री ने नई दिल्ली के ‘स्कूल ऑफ प्लानिंग एंड आर्किटेक्चर’ (एसपीए) के डिजाइन पर नवीनीकृत किए गए शिवपुरी प्रधान डाकघर का लोकार्पण किया। इस डाकघर में ‘जन सेवा कनेक्ट’ नामक बहुउद्देशीय सुविधा केंद्र शुरू किया गया है। यहां नागरिकों को स्पीड पोस्ट, पार्सल, बचत बैंक, डाक जीवन बीमा, पहचान पत्र संशोधन व नवीनीकरण तथा अन्य वित्तीय सेवाएं सिंगल विंडो सिस्टम के तहत सुगमता से उपलब्ध कराई जाएंगी।
कार्यक्रम में ये प्रमुख जनप्रतिनिधि व अधिकारी रहे उपस्थित : समारोह में मप्र के ऊर्जा व जिला प्रभारी मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर, शिवपुरी विधायक देवेंद्र जैन, कोलारस विधायक महेंद्र रामसिंह यादव, पिछोर विधायक प्रीतम सिंह लोधी, जिला पंचायत अध्यक्ष नेहा-अमित यादव, नगर पालिका अध्यक्ष गायत्री शर्मा, डाक सेवा बोर्ड के सदस्य (एचआरडी) एसएफएच रिजवी और मप्र सर्कल के चीफ पोस्टमास्टर जनरल विनीत माथुर सहित डाक विभाग के वरिष्ठ अधिकारी व गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।

