नई दिल्ली/भोपाल। देश के पोल्ट्री सेक्टर को बर्ड फ्लू (एवियन इन्फ्लुएंजा) जैसी घातक बीमारी से बचाने और किसानों की आजीविका को सुरक्षित करने की दिशा में भारत ने एक ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल की है। केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण तथा ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान शुक्रवार, 20 नवंबर 2026 को भोपाल स्थित आईसीएआर-राष्ट्रीय उच्च सुरक्षा पशु रोग संस्थान (ICAR-NIHSAD) में मुर्गियों के लिए विकसित देश की पहली स्वदेशी निष्क्रिय H5N1 (क्लेड 2.3.2.1a) अत्यधिक रोगजनक एवियन इन्फ्लुएंजा (HPAI) वैक्सीन राष्ट्र को समर्पित करेंगे।
आईसीएआर-निहसाद (भोपाल) के वैज्ञानिकों द्वारा स्वदेशी रूप से विकसित यह वैक्सीन देश में प्रसारित हो रहे H5N1 वायरस के विशिष्ट स्वरूप ‘क्लेड 2.3.2.1a’ के विरुद्ध तैयार की गई अपनी तरह की पहली व्यावसायिक वैक्सीन है।
क्यों महत्वपूर्ण है यह स्वदेशी टीका: 2006 से अब तक दर्ज हुए 500 से अधिक प्रकोप : अत्यधिक रोगजनक एवियन इन्फ्लुएंजा (बर्ड फ्लू) मुर्गियों व अन्य पक्षियों में संक्रमण फैलने पर लगभग 100 प्रतिशत मृत्यु दर का कारण बनता है, जिससे बड़े पैमाने पर पक्षियों को नष्ट (कलिंग) करना पड़ता है:
-
व्यापक आर्थिक क्षति से बचाव: वर्ष 2006 में भारत में पहली बार इस रोग की पुष्टि होने के बाद से देशभर में H5N1 और H5N8 उपप्रकारों के 500 से अधिक प्रकोप दर्ज किए जा चुके हैं। आंकड़ों के अनुसार, वर्ष 2006 के प्रकोप से देश को प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष रूप से लगभग ₹2,200 से ₹3,000 करोड़ का भारी नुकसान उठाना पड़ा था। एक बड़ा प्रकोप देश की 20 प्रतिशत से अधिक पोल्ट्री आबादी को प्रभावित करने के साथ ही जीडीपी वृद्धि को 1.5 प्रतिशत तक कम कर सकता है।
-
क्लेड 2.3.2.1a के खिलाफ विशिष्ट सुरक्षा: वैज्ञानिक अध्ययनों में सामने आया है कि भारत में मुर्गियों के भीतर बर्ड फ्लू के अधिकांश मामलों के लिए H5N1 का ‘क्लेड 2.3.2.1a’ स्ट्रेन ही मुख्य रूप से जिम्मेदार रहा है। अब तक इस विशिष्ट क्लेड के विरुद्ध कोई लक्षित व्यावसायिक टीका उपलब्ध नहीं था, जिसे अब भारतीय वैज्ञानिकों ने पूरा कर दिखाया है।
मनुष्यों और अन्य जीवों में संक्रमण रोकने की दिशा में बड़ा कदम
यह टीकाकरण केवल पोल्ट्री किसानों की आय सुरक्षा तक सीमित नहीं है, बल्कि सार्वजनिक स्वास्थ्य (One Health) की दृष्टि से भी निर्णायक है। विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) के अनुसार, वर्ष 2003 से अब तक भारत सहित 25 देशों में H5N1 संक्रमण के 1,003 मानव मामले सामने आए हैं, जिनमें 479 लोगों की मृत्यु हुई है। हाल के वर्षों में इस वायरस के स्तनधारियों और मनुष्यों में संक्रमण के मामले भी देखे गए हैं। मुर्गियों में इस स्वदेशी वैक्सीन के उपयोग से वायरस के प्रसार की श्रृंखला को शुरुआती स्तर पर ही रोका जा सकेगा।

