सुबह घर से घूमने निकले अधेड़ की ट्रेन से कटकर गई जान : दतिया रेल्वे स्टेशन के पास हुआ हादसा

Datia News : दतिया। ट्रेन से कटकर दो लोगों की मंगलवार को जान चली गई। जहां एक हादसा दतिया रेल्वे स्टेशन के निकट घटित हुआ वहीं दूसरा गोविंदपुर क्रासिंग के पास हुआ। जीआरपी पुलिस बल ने मौके पर पहुंचकर शव अपने कब्जे में लेकर उन्हें पीएम के लिए अस्पताल भिजवाया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

जानकारी के अनुसार हीरो होंडा एजेंसी के पीछे निवास करने वाले 52 वर्षीय चंद्रपाल बौद्ध मंगलवार सुबह सैर पर निकले थे। इसी दौरान वह घूमते हुए दतिया रेलवे स्टेशन पहुंच गए। जहां अप मेन लाइन के पास खंबा नंबर 1151/25 पर ट्रेन से कटकर उनकी मौत हो गई। स्वजन के मुताबिक चंद्रपाल सुबह घर से टहलने ने की कहकर निकले थे।

वह रेल्वे ट्रेक पर कैसे पहुंचे इस बारे में उन्हें भी नहीं पता। घटना की सूचना मिलने के बाद जीआरपीएफ प्रभारी राजेंद्र दांगी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और शव बरामद कर उसे पीएम के लिए भिजवाया।

प्रभारी राजेंद्र दांगी ने बताया कि मृतक की जेब में कृष्णा अस्पताल का एक पर्चा मिला था। पर्चे पर लिखे नंबर पर पूछतांछ करने के बाद अस्पताल के चिकित्सकों ने बताया कि मृतक पेट की बीमारी से ग्रस्त था। मृतक का पुत्र सिविल इंजीनियर की पढ़ाई कर रहा है।

वहीं गोविंदपुर के पास रेलवे क्रोसिंग पर भी एक युवक का शव क्षत विक्षत अवस्था में बरामद किया गया है। बड़ोनी पुलिस ने संदिग्ध हालत में पड़े मिले शव की शिनाख्त मनोज पुत्र गोविंद केवट निवासी ग्राम बिल्हारी के रुप में हुई है।

पुलिस ने बताया कि युवक की मौत ट्रेन से कटकर हुई है। वह घर से बड़ोनी जाने की कहकर निकला था। मृतक की जेब से मिले ड्राइविंग लाइसेंस के आधार पर उसकी शिनाख्त हो सकी। मृतक की दूसरी शादी हुई थी। उसका एक बेटा भी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Share

Share on whatsapp
Share on facebook
Share on twitter
error: Content is protected !!