भांडेर। शुक्रवार को भांडेर नगर और आसपास के इलाकों में अचानक हुए एक जोरदार धमाके ने लोगों को चौंका दिया। सुबह करीब 11:28 बजे आई इस तेज आवाज से कुछ पल के लिए पूरा क्षेत्र दहल उठा। धमाके की तीव्रता इतनी अधिक थी कि कई घरों की खिड़कियां, दरवाजे और दीवारें तक कंपन महसूस करने लगीं, जिससे लोग घबराकर घरों से बाहर निकल आए।
दूर-दूर तक सुनाई दी धमक : स्थानीय लोगों के मुताबिक धमाके की गूंज सिर्फ भांडेर तक सीमित नहीं रही, बल्कि आसपास के गांवों के साथ उत्तर प्रदेश के झांसी जिले के सीमावर्ती इलाकों तक भी सुनाई दी। अचानक हुई इस घटना के बाद पूरे क्षेत्र में चर्चा का माहौल बन गया और लोग इसके कारण को लेकर तरह-तरह के कयास लगाने लगे।
क्रेशर ब्लास्ट की आशंका खारिज : घटना के बाद कुछ लोगों ने अनुमान लगाया कि संभवतः किसी पत्थर खदान या क्रेशर पर ब्लास्टिंग की गई होगी। हालांकि जब इस संबंध में क्रेशर संचालकों से जानकारी ली गई तो उन्होंने किसी भी प्रकार के विस्फोट से साफ इनकार कर दिया।
पुलिस को भी नहीं मिला स्पष्ट कारण : मामले को लेकर अधिकारियों ने भी जानकारी जुटानी शुरू कर दी है। भांडेर के एसडीओपी पूनमचंद्र यादव के अनुसार घटना की सूचना मिलने के बाद स्थानीय स्तर पर जानकारी ली गई, लेकिन अभी तक धमाके के स्रोत की पुष्टि नहीं हो पाई है।
सोनिक बूम की भी जताई जा रही संभावना : कुछ लोगों का मानना है कि यह आवाज फाइटर विमान के सोनिक बूम के कारण भी हो सकती है। जब कोई सैन्य विमान अत्यधिक तेज गति से उड़ान भरता है तो हवा के दबाव में अचानक बदलाव से तेज धमाके जैसी आवाज उत्पन्न होती है, जो कई किलोमीटर दूर तक सुनाई दे सकती है।
शाम तक बरकरार रहा रहस्य : फिलहाल इस रहस्यमयी धमाके को लेकर प्रशासनिक स्तर पर जांच जारी है। देर शाम तक भी इसके पीछे का सटीक कारण स्पष्ट नहीं हो सका, जिससे क्षेत्र में जिज्ञासा और चर्चा का माहौल बना हुआ है।

