मध्य प्रदेश में दुग्ध क्रांति का नया अध्याय : गृह व सहकारिता मंत्री अमित शाह 3 अक्टूबर को करेंगे राज्य स्तरीय गौपालक सम्मेलन का शुभारंभ

भोपाल। मध्य प्रदेश में श्वेत क्रांति को नई गति देने और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह तथा मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव 3 अक्टूबर को राजधानी भोपाल में विशाल राज्य स्तरीय गौपालक सम्मेलन का शुभारंभ करेंगे। पशुपालन एवं डेयरी विभाग द्वारा भेल (BHEL) दशहरा मैदान में आयोजित होने वाले इस महासम्मेलन में प्रदेश भर से हजारों पशुपालक और किसान शामिल होंगे।

सम्मेलन के दौरान केंद्रीय सहकारिता मंत्री पशुपालन के क्षेत्र में नवाचार और उल्लेखनीय योगदान देने वाली ‘पशुपालक दीदियों’ को सम्मानित करेंगे। साथ ही डॉ. भीमराव अंबेडकर कामधेनु योजना के चयनित हितग्राहियों को मौके पर ही औपचारिक स्वीकृति पत्र सौंपे जाएंगे।

डेयरी प्रोजेक्ट्स की सौगात: उज्जैन, भोपाल और शिवपुरी को मिलेंगे नए संयंत्र : राज्य में दूध प्रसंस्करण और मूल्य संवर्धन (Value Addition) को बढ़ावा देने के लिए बड़े संयंत्रों की शुरुआत की जाएगी:

  • उज्जैन में 3 लाख लीटर का मेगा प्लांट: उज्जैन में दैनिक 3 लाख लीटर प्रसंस्करण क्षमता वाले अत्याधुनिक डेयरी प्लांट का वर्चुअल भूमि-पूजन किया जाएगा।

  • भोपाल में फर्मेंटेड प्रोडक्ट प्लांट: भोपाल में तैयार 40 हजार लीटर उत्पादन क्षमता वाले आधुनिक फर्मेंटेड प्रोडक्ट डेयरी संयंत्र का लोकार्पण होगा।

  • सहकारी क्षेत्र की पहली स्टेट लैब: एमपी स्टेट को-ऑपरेटिव डेयरी फेडरेशन (MPCDF) भोपाल परिसर में स्थापित की गई सहकारी क्षेत्र की पहली अत्याधुनिक राज्य स्तरीय डेयरी परीक्षण प्रयोगशाला तथा शिवपुरी के मिनी डेयरी संयंत्र का भी शुभारंभ किया जाएगा।

दुग्ध उत्पादकों को बोनस और गौशालाओं को डीबीटी अनुदान : सम्मेलन में पशुपालकों और गौवंश संरक्षण के लिए वित्तीय संबल प्रदान किया जाएगा:

  • बोनस वितरण: भोपाल और इंदौर दुग्ध संघ से जुड़े पंजीकृत दुग्ध उत्पादकों को लाभान्वित करते हुए बोनस राशि का प्रत्यक्ष वितरण किया जाएगा।

  • गौशालाओं को आहार व रखरखाव राशि: प्रदेश सरकार द्वारा पंजीकृत और संचालित गौशालाओं में संरक्षित गौवंश के भरण-पोषण के लिए माह जुलाई और अगस्त 2026 की निर्धारित अनुदान राशि सीधे बैंक खातों में (DBT) अंतरित की जाएगी, जिससे बेसहारा गौवंश के चारे-पानी की व्यवस्था सुनिश्चित होगी।

आईआईएसईआर (अत्रि) परिसर का शिलान्यास और स्वामी विवेकानंद प्रतिमा का अनावरण : दौरे के दौरान केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह भोपाल बाईपास भौरी के समीप भारतीय विज्ञान शिक्षा एवं अनुसंधान संस्थान (IISER) के ‘अत्रि’ परिसर का विधिवत शिलान्यास करेंगे। इसके साथ ही वे संस्थान परिसर में स्थापित की गई स्वामी विवेकानंद की भव्य प्रतिमा का अनावरण भी करेंगे।

Share

Share on whatsapp
Share on facebook
Share on twitter