जिन क्षेत्रों में बिजली बिलों की वसूली कम वहां बनेगी नई रणनीति : ऊर्जामंत्री ने उपभोक्ताओं से संवाद बनाने की दी हिदायत, परिसंपत्तियों को किया जाएगा सुरक्षित

Bhopal News : भोपाल। जिन क्षेत्रों में बिजली बिलों की वसूली कम होती है, वहां वसूली बढ़ाने के लिए कार्य योजना बनेगी। साथ ही उपभोक्ताओं से बिजली कंपनी संवाद कर बकाया राशि जमा करने के लिए संतुष्टि करेंगे। यह हिदायतें ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर ने मंत्रालय में विभागीय योजनाओं की समीक्षा के दौरान दी।

उन्होंने कहाकि बिजली के क्षेत्र में मप्र को नम्बर एक राज्य बनाना है। इसके लिए टीम भावना के साथ कार्य करें। बिजली कंपनियों की नवीन संगठनात्मक संरचना (ओएस) स्वीकृत होते ही भर्ती की प्रक्रिया शुरू करें। मंत्री तोमर ने कहा कि आउटसोर्स कर्मचारी रखने की नीति सभी कंपनियों की एक समान होनी चाहिए।

उन्होंने कहाकि अधिकारियों की एक टीम बनाएं, जो यह देखे कि कंपनियों में क्या समस्याएं हैं। साथ ही उनके निराकरण के लिए एक समान नीति बनाई जाए।

मंत्री तोमर ने कहाकि केंद्र सरकार द्वारा निर्धारित मापदंडों के आधार पर लाइन लॉसेस कम करें। उन्होंने कहा कि जिन क्षेत्रों में बिजली बिलों की वसूली कम होती है, वहां वसूली बढ़ाने के लिए कार्य योजना बनाएं। उपभोक्ता संतुष्टि को प्राथमिकता दें।

मंत्री कहाकि लोक अदालतों के माध्यम से लंबित प्रकरणों का निराकरण कराया जाए। इससे कंपनी की आय में वृद्धि होगी। उन्होंने कहाकि बिलिंग के सिस्टम में समानता होनी चाहिए। अवैध कनेक्शन को मीटरीकृत कर वैध करें। इससे बिलों की वसूली हो सकेगी।

ऊर्जा मंत्री ने कहा कि अनुकंपा नियुक्ति के प्रकरणों में तत्परता से कार्रवाई करें। शासन के निर्देशों के अनुरूप नीति बनाएं, जिससे अधिक से अधिक लोग लाभांवित हों। उन्होंने कहा कि अच्छे कार्य करने वाले कर्मचारियों को पुरस्कृत किया जाएगा।

कंपनी बढ़ाए जनसंवाद : ऊर्जा मंत्री तोमर ने कहा कि जन संवाद को गंभीरता से लें। यह कंपनी और उपभोक्ता दोनों के लिये लाभकारी है। वर्ष 2021 से अभी तक 17 लाख 20 हजार से अधिक बिजली उपभोक्ताओं से संवाद हो चुका है। उन्होंने कहाकि विभाग की परिसंपत्तियों को सूचीबद्ध करवाकर उन्हें सुरक्षित करें।

आवश्यकतानुसार फेंसिंग अथवा बाउण्ड्रीबाल बनवाएं। बैठक में अपर मुख्य सचिव ऊर्जा नीरज मण्डलोई ने विभागीय योजनाओं की उपलब्धियों की जानकारी दी।

बैठक में एमडी पूर्व क्षेत्र कंपनी अनय द्विवेदी, एमडी मध्य क्षेत्र कंपनी क्षितिज सिंघल और एमडी पश्चिम क्षेत्र कंपनी अनूप सिंह सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।

Share

Share on whatsapp
Share on facebook
Share on twitter
error: Content is protected !!