दतिया। शहर के आरएलपीएस (RLPS) स्कूल में शिक्षक के साथ हुई मारपीट के मामले में फरार आरोपियों की सरगर्मी से तलाश कर रही दतिया पुलिस से शुक्रवार को एक बड़ी चूक हो गई। समान नाम होने के कारण पुलिस टीम बिना सही पता और पहचान सत्यापित किए मुख्य आरोपी की जगह शहर के वरिष्ठ साहित्यकार राज गोस्वामी के पंचशील नगर स्थित आवास पर जा पहुंची और उनसे पूछताछ शुरू कर दी।
अचानक घर पर पुलिस की दबिश और पूछताछ से वरिष्ठ साहित्यकार को अत्यंत असहज स्थिति का सामना करना पड़ा। इस घटनाक्रम से आहत साहित्यकारों के एक प्रतिनिधिमंडल ने शुक्रवार दोपहर पुलिस अधीक्षक (SP) मयूर खंडेलवाल से मुलाकात कर पुलिस की कार्यप्रणाली पर कड़ा विरोध दर्ज कराया और इसे साहित्यकार की सामाजिक प्रतिष्ठा को ठेस पहुंचाने वाला कृत्य बताया।
गंजी हनुमान मंदिर की जगह पंचशील नगर पहुंच गई पुलिस : साहित्यकारों के प्रतिनिधिमंडल ने पुलिस अधिकारियों के समक्ष पूरे मामले का विवरण रखते हुए कार्रवाई की मांग की:
➝ समान नाम से हुई गफलत: प्रतिनिधिमंडल के अनुसार, पुलिस जिस फरार आरोपी ‘राज गोस्वामी’ की तलाश कर रही थी, वह शहर के गंजी हनुमान मंदिर क्षेत्र का निवासी है। लेकिन पुलिस टीम ने बिना पते की तस्दीक किए पंचशील नगर में निवासरत वरिष्ठ साहित्यकार राज गोस्वामी के घर जाकर दस्तक दे दी।
➝ सम्मान को ठेस पहुंचाने का आरोप: वरिष्ठ साहित्यकार राज गोस्वामी ने पुलिस की इस कार्यप्रणाली पर नाराजगी व्यक्त करते हुए कहा कि बिना पूर्व सत्यापन के किसी प्रतिष्ठित नागरिक के घर अपराधी की तलाश में पहुंचना और पूछताछ करना उनके मान-सम्मान के विरुद्ध है।
शिक्षक से मारपीट के मामले में 6 नामजद आरोपियों पर घोषित है इनाम : गौरतलब है कि आरएलपीएस स्कूल में एक शिक्षक के साथ मारपीट किए जाने के प्रकरण में पुलिस ने भाजपा नेता ब्रजेश दुबे सहित कुल छह व्यक्तियों—रमाकांत दांगी, नित्या गुर्जर, राज गोस्वामी, राजा मावाई और जयहिंद दांगी—के विरुद्ध नामजद अपराध पंजीबद्ध किया है। सभी फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस प्रशासन द्वारा 5-5 हजार रुपये का इनाम भी घोषित किया गया है।
मामले में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ASP) मंजीत सिंह चावला ने कहा कि साहित्यकारों की शिकायत और पुलिस टीम से हुई त्रुटि का मामला संज्ञान में आया है, जिसकी जांच कर नियमानुसार उचित कार्रवाई की जाएगी।

