दतिया | हरियाली तीज (सावन तीज) के पावन अवसर पर दतिया में एक बार फिर वर्षों पुरानी मेले की परंपरा देखने को मिलेगी। शनिवार, 15 अगस्त 2026 को लाला के ताल के पास स्थित रतन सेठ की बगिया में पारंपरिक मेले का आयोजन किया जाएगा। आयोजन शाम 4 बजे से रात 9 बजे तक चलेगा।
मेले में इस बार बर्फ से निर्मित भगवान शंकर जी की आकर्षक झांकी श्रद्धालुओं के लिए खास आकर्षण रहेगी। सावन के इस पावन अवसर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु बर्फ के शंकर जी के दर्शन करने पहुंचेंगे। वहीं बगिया में स्थित प्राचीन रत्नेश्वर महादेव के दर्शन और पूजन का भी श्रद्धालुओं को अवसर मिलेगा।
वर्षों से चली आ रही है मेले की परंपरा : हरियाली तीज पर रतन सेठ की बगिया में लगने वाले इस पारंपरिक मेले का स्थानीय लोगों को हर वर्ष इंतजार रहता है। सावन की हरियाली और भगवान शिव की भक्ति के बीच यहां लगने वाला मेला धार्मिक आस्था के साथ स्थानीय परंपरा और संस्कृति से भी जुड़ा हुआ है।
मेले में परिवारों के साथ पहुंचने वाले लोगों को धार्मिक आयोजन के साथ पारंपरिक मेले का माहौल देखने को मिलेगा। आयोजन को लेकर श्रद्धालुओं में भी उत्साह बना हुआ है।
श्रद्धालुओं से पहुंचने की अपील : आयोजकों ने दतिया नगर सहित आसपास के क्षेत्रों के श्रद्धालुओं से 15 अगस्त को रतन सेठ की बगिया पहुंचकर बर्फ के शंकर जी एवं प्राचीन रत्नेश्वर महादेव के दर्शन करने की अपील की है।
● स्थान: रतन सेठ की बगिया, लाला के ताल के पास, दतिया
● दिनांक: 15 अगस्त 2026, शनिवार
● समय: शाम 4 बजे से रात 9 बजे तक

