दतिया । स्थानीय ग्वालियर-झांसी हाईवे-75 पर देव ढाबा के समीप टायर बदल रहे एक ट्रक ड्राइवर को दूसरे ट्रक ने कुचल दिया, जिससे उसकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई । पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार ट्रक ड्राइवर अपने वाहन क्रमांक आरजे11 जीबी 2667 का टायर बदल रहा था, इसी दौरान दूसरे ट्रक ने टक्कर मार दी। इससे टायर बदल रहे ड्राइवर की मौके पर मौत हो गई। दतिया कोतवाली पुलिस ने पहुंचकर शव को एनएच-75 की एंबुलेंस से पीएम हाउस पहुंचाया। मृतक ड्राइवर की शिनाख्त नहीं हो पाई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार नेशनल हाई-वे 75 पर दोपहर के समय ट्रक ड्रायवर पहिया पंचर होने पर वाहन को सड़क किनारे खड़ा कर टायर बदल रहा था, उसी दौरान झांसी की तरफ से तेज गति से आ रहे एक अन्य ट्रक ने उसे चपेट में ले लिया और उसे रौंदता हुआ निकल गया। इस हादसे में ड्रायवर गंभीर रुप से घायल हो गया और मौके पर ही उसने दमतोड़ दिया। सड़क पर चारों ओर खून ही खून फैल गया। वहां से गुजर रहे राहगीरों ने इस घटना की सूचना तुरंत कोतवाली पुलिस और टोल प्लाजा पर दी। पुलिस और हाईवे की एंबुलेंस ने मौके पर पहुंचकर मृत पड़े ट्रक ड्राइवर का शव अपने कब्जे में लेकर उसे एंबुलेंस से पीएम हाउस पहुंचाया।
पुलिस ट्रक ड्राइवर का नाम-पता ट्रक के नंबर से पता करने की कोशिश कर रही है। शव काे पोस्टमार्टम के लिए पीएम हाउस में रखवाया गया है। फिलहाल पुलिस ट्रक ड्रायवर की शिनाख्त नहीं कर पाई है। वहीं इस हादसे के बाद हाइवे पर कुछ समय के लिए वाहनों का काफिला रुक गया। वहां से निकल रहे लोग अपने वाहन रोककर मौके पर इकट्ठा हो गए। जिनमें से किसी ने पुलिस को हादसे की सूचना पहुंचाई।

