ऊर्जा मंत्री के काफिले में चल रही गाड़ी ने बाइक सवार दंपत्ति को मारी टक्कर : मौके पर जमा हुई भीड़, मंत्री ने कार से उतरकर घायलों को उठाया

Datia News : दतिया। ऊर्जा मंत्री के काफिल में चल रहे वाहन से एक बाइक सवार दंपत्ति के टकरा जाने से शनिवार सुबह बीच सड़क पर भीड़ जमा हो गई। जैसे ही ऊर्जा मंत्री को इस हादसे के बारे में पता चला तो वह अपनी कार से नीचे उतरे और बाइक से सड़क पर गिरे पड़े दंपत्ति के पास पहुंचे। उन्होंने दोनों को उठने में मदद की।

साथ ही पास की एक दुकान से पानी की बोतल मंगाकर उन्हें पानी पिलाया। दंपत्ति का हालचाल जानने के बाद ऊर्जा मंत्री ने उन्हें प्राथमिक उपचार के लिए अस्पताल पहुंचवाया। शनिवार को बाहर से आने वाले वाहनों के कारण अक्सर जाम जैसे हालात पैदा हो जाते हैं। जिसके चलते हादसों का अंदेशा रहता है।

शनिवार को पीतांबरा पीठ पर दर्शन करने ग्वालियर से ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर दतिया आए थे। मंदिर पर दर्शन करने के बाद वह अपने काफिले के साथ वापिस लौट रहे थे। इस बीच उनके काफिले में साथ चल रही गाड़ी स्थानीय गहोई वाटिक के सामने एक बाइक सवार दंपत्ति से जा टकराई।

इस हादसे में दंपत्ति बाइक समेत गिर पड़े और घायल हो गए। यह देख मंत्री प्रद्युम्न सिंह अपनी गाड़ी से तत्काल नीचे उतरे और उन्होंने दंपत्ति का हालचाल जाना। साथ ही उन्हें पानी पिलाकर उपचार के लिए अस्पताल पहुंचवाया।

दरअसल शनिवार सुबह बाइक सवार जवाहर सिंह अपनी पत्नी के साथ पीतांबरा पीठ पर दर्शन के बाद लौट रहा था। इसी दौरान मंत्री तोमर का काफिला भी गुजर रहा था। तभी यह हादसा हो गया। घटना के वक्त मौके पर काफी लोगों की भीड़ जमा हो गई।

Share

Share on whatsapp
Share on facebook
Share on twitter