अक्षय तृतीया पर दीपोत्सव का अद्भुत संगम : हजारों दीपों की रोशनी में जगमगाया पीतांबरा पीठ, दिखी अलौकिक छटा !

दतिया : अक्षय तृतीया के पावन अवसर पर पीतांबरा पीठ में भव्य दीपोत्सव का आयोजन किया गया। संध्या होते ही पूरा पीठ परिसर हजारों दीपों की रोशनी से आलोकित हो उठा, जिससे श्रद्धालुओं को दीपावली जैसा दिव्य और आध्यात्मिक अनुभव हुआ। मां पीतांबरा की संध्या आरती के पश्चात मंदिर परिसर और हरिद्रा सरोवर में एक साथ लगभग 31 हजार दीप प्रज्ज्वलित किए गए। सरोवर में झिलमिलाते दीपों का प्रतिबिंब ऐसा प्रतीत हो रहा था मानो आकाश के तारे धरती पर उतर आए हों। इस मनमोहक दृश्य ने श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया।

आयोजन के दौरान श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक भागीदारी निभाई। परिसर में दीपों के माध्यम से ‘ॐ’, ‘स्वास्तिक’ जैसे धार्मिक चिन्ह और आकर्षक आकृतियां बनाकर अपनी आस्था प्रकट की गई। दीपों की आभा को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए कुछ समय के लिए मंदिर की विद्युत रोशनी बंद रखी गई, जिससे पूरा वातावरण आध्यात्मिक ऊर्जा से परिपूर्ण हो गया।

यह आयोजन “एक दीप माई के नाम” अभियान के अंतर्गत सम्पन्न हुआ, जिसमें पुजारियों, सेवकों और श्रद्धालुओं ने मिलकर सुबह से ही दीप तैयार करने में योगदान दिया। बड़ी मात्रा में तेल और घी का उपयोग कर दीप प्रज्ज्वलित किए गए।

अक्षय तृतीया के अवसर पर सुबह भगवान परशुराम जन्मोत्सव भी श्रद्धा और विधि-विधान के साथ मनाया गया। वैदिक मंत्रोच्चार के बीच अभिषेक, पूजन और आरती सम्पन्न हुई। साथ ही पीठ परिसर में आयोजित संस्कृत गोष्ठी में विद्वानों ने अपने विचार प्रस्तुत किए।

कार्यक्रम में दतिया कलेक्टर स्वप्निल वानखड़े, महिला बाल विकास अधिकारी अरविंद कुमार उपाध्याय, समाजसेवी राजू त्यागी सहित अन्य गणमान्य नागरिक एवं बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।

Share

Share on whatsapp
Share on facebook
Share on twitter