स्टेज पर नाच रही डांसरों के बीच हथियार लेकर घुसा युवक : खूब लगाए ठुमके, पुलिस ने दबोचा

Datia News : दतिया। स्टेज पर नाच रही डांसरों के बीच अचानक एक युवक हाथ में हथियार लेकर घुस बैठा। उस दौरान हरियाणवी गाने पर डांसर नाच रही थी। फिर क्या था उनके साथ युवक ने भी हथियार लहराते हुए खूब ठुमके लगाए। इस हरकत का वीडियो जब पुलिस के संज्ञान में आया तो वह सक्रिय हुई। जिसके बाद युवक को अवैध हथियार सहित दबोच लिया गया है।

जानकारी के अनुसार बडौनी थाना क्षेत्र के ग्राम कुरथरा में गत 26 दिसंबर को कुशवाहा मोहल्ले में एक ग्रामीण के यहां दस्टोन समारोह था। जिसमें ग्रामीण ने वहां डांस के लिए महिला डांसर बुलाई थी। इसी दौरान समारोह में जब हरियाणवी गाना बज रहा था तभी गांव का युवक बिट्टू उर्फ जनक सिंह कुशवाहा पुत्र रघुवीर कुशवाह हाथ में अवैध देशी कट्टा लहराते हुए स्टेज पर चढ़ गया। जहां उसने डांसरों के साथ कट्टा लहराते हुए खूब ठुमके लगाए।

अवैध हथियार लेकर रंगदारी दिखाने वाले इस युवक का जब वीडियो इंटरनेट मीडिया पर बहुप्रसारित हुआ तो पुलिस हरकत में आई। जिसके बाद युवक को बडोनी थाने के उपनिरीक्षक नरेंद्र राजपूत द्वारा गुरुवार को अवैध 315 बोर के देशी कट्टा एवं एक जिंदा कारतूस के साथ गिरफ्तार कर लिया गया।

आरोपित के विरुद्ध धारा 25(1)ए आयुध अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है। गौरतलब है कि इससे पहले भी इंटरनेट मीडिया पर अवैध हथियारों के साथ रील और फोटो डालने वाले युवकों के विरुद्ध भी पुलिस हाल के कुछ दिनों में कार्रवाई कर चुकी है।

युवाओं को रील बनाने का चढ़ा फैशन : इन दिनों हथियार लेकर सोशल मीडिया पर रील बनाना और फोटोज डालने का युवाओं को खास शौक चढ़ा हुआ है। जबकि इस तरह के प्रदर्शन पर पाबंदी है। हद तब हो जाती है जब अवैध कट्टे और अन्य हथियार लहराते हुए युवक रील बनाकर अपनी रंगदारी दिखाते हैं। जिसके बाद जब इस तरह के वीडियो पुलिस तक पहुंचते हैं तो ऐसे युवकों को अपनी गलती का अहसास होता है।

Share

Share on whatsapp
Share on facebook
Share on twitter