बाइक से गांव वापिस लौट रहे युवक को तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने रौंदा, दर्दनाक मौत, दो भाई गंभीर रूप से घायल

Datia News : दतिया। उनाव थाना अंतर्गत ग्राम राजापुर के पास तेज गति से आ रहे ट्रैक्टर ने एक बाइक में टक्कर मार दी। जिससे बाइक सवार युवक की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि उसके दोनों छोटे भाई गंभीर रूप से घायल हो गए। मृतक ग्राम खैरी में काम करता था। जहां से गुरूवार देर रात वह अपने भाईयों के साथ गांव वापिस लौट रहा था।

घटना के बारे में थाना प्रभारी उनाव एसआर पालिया ने बताया कि मृतक विजय आदिवासी पुत्र लालाराम निवासी परासरी ग्राम खैरी में भज्जू कमरिया के यहां काम करता था। घटना की रात वह बाइक पर अपने दो भाइयों को बैठाकर परासरी से खैरी जा रहा था।

जब वह राजापुर पुलिया के आगे नवल राय की दुकान के सामने पहुंचाए, तभी दतिया की तरफ से आ रहे ट्रैक्टर ने बाइक में सामने से टक्कर मार दी। जिससे विजय की मौके पर ही मौत हो गई।

वहीं उसके दो भाई सुनील के दांये पैर में फ्रेक्चर हो गया तथा मुकेश को माथे पर गहरी चोट आई। हादसे की सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने मृतक के शव को पीएम तथा उसके दोनों घायल भाईयों को उपचार के लिए जिला अस्पताल पहुंचाया।

शुक्रवार को मृतक का पीएम करा शव उसके स्वजनों को सौंप दिया गया। वहीं घायल दोनों भाईयाें का उपचार जारी है। पुलिस ने ट्रैक्टर चालक के विरुद्ध मामला दर्ज कर लिया है।

गांव में छाया मातम

मृतक विजय के गांव परासरी में जैसे ही इस घटना की सूचना पहुंची। गांव के लोग उसके घर पर एकत्रित हो गए। जहां तीनों भाईयों में सबसे बड़े विजय की मौत की खबर से शोक छा गया। सभी ग्रामीण इस घटना से दुखी नजर आए और मृतक के परिजनों को ढांढस बंधाते रहे। इस घटना के बाद मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

Share

Share on whatsapp
Share on facebook
Share on twitter