पत्नी से दुखी युवक मोबाइल टावर पर चढ़ा : दो घंटे बाद उतरा, थाना परिसर में मंच गया हड़कंप

Datia news : दतिया । भांडेर थाना परिसर में बुधवार को उस समय अफरा-तफरी का माहौल बन गया, जब एक युवक अचानक परिसर में लगे मोबाइल टावर पर चढ़ गया। युवक की पहचान पवन दोहरे निवासी काजीपाठा, भांडेर के रूप में हुई है।

करीब दो घंटे तक चले इस घटनाक्रम के बाद पुलिस और मौजूद लोगों की समझाइश के चलते वह सुरक्षित नीचे उतर आया।

थाना प्रभारी कोमल परिहार ने युवक से इस तरह जान जोखिम में डालने का कारण पूछा। शुरुआत में पवन ने आरोप लगाया कि उसके इलाके में खुलेआम शराब बिक रही है और उस पर कोई कार्रवाई नहीं हो रही। हालांकि बातचीत के दौरान यह भी सामने आया कि वह स्वयं नशे की हालत में था। 

इसके बाद उसने अपना पक्ष बदलते हुए बताया कि वह घरेलू परेशानियों से जूझ रहा है। पूछताछ में पवन ने कहा कि वह मजदूरी करता है और काम से थककर घर लौटने पर पत्नी से आराम के लिए हाथ पैर दबाने की कहता है, लेकिन पत्नी मना कर देती है। इसी वजह से वह तनाव में आकर कभी-कभी शराब पी लेता है, जिससे घर में विवाद बढ़ जाता है।

उसकी बातें सुनकर मौके पर मौजूद लोगों और पुलिस को भी उसकी शिकायत स्पष्ट रूप से समझ नहीं आ सकी।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार युवक मानसिक रूप से परेशान नजर आ रहा था और बार-बार खुद को जेल भेजने की बात भी कर रहा था।

घटना की जानकारी मिलते ही उसकी पत्नी और मां भी थाने पहुंच गईं और उन्होंने पुलिस से बात की। पूछताछ में यह भी सामने आया कि पवन इससे पहले भी एक बार इसी तरह टावर पर चढ़ चुका है।

फिलहाल पुलिस उसकी समस्या को शांतिपूर्वक समझने और उसे सामान्य स्थिति में लाने की कोशिश कर रही थी।

अधिकारियों का कहना है कि ऐसे मामलों में व्यक्ति को समझाइश और परामर्श की जरूरत होती है, ताकि वह भविष्य में इस तरह का जोखिम भरा कदम न उठाए।

Share this with Your friends :

Share on whatsapp
Share on facebook
Share on twitter