घर में घुसकर दिनदहाड़े युवक को मारी गोली : मौके पर पड़ी मिली बंदूक, गांव में दहशत का माहौल

Datia news : दतिया। आपसी विवाद के दौरान कुछ लोगों ने एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी। घटना पैसों के लेनदेन को लेकर घटित हुई। सोमवार सुबह गांव में जब लोग जन्माष्टमी की तैयारी कर रहे थे, इसी बीच गोली चलने की आवाज सुनकर वह दहशत में आ गए।

घटना की सूचना पर जिगना पुलिस भी मौके पर पहुंची। जहां उसे एक बंदूक भी पड़ी मिली। जिसके बारे में बताया जाता है कि बंदूक मृतक की है। समझा जाता है कि वह भी आरोपितों से मुकाबला करने के लिए हथियार लेकर आया था, लेकिन उससे पहले ही आरोपितों ने गोली चलाकर उसे ढेर कर दिया।

रुपयों के लेनदेन को लेकर ग्राम उदगुवां में सोमवार को चार लोगों ने एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी। घटना के वक्त मृतक अपने घर पर था।

इसी बीच आरोपित उसके घर में घुस आए और आपसी कहासुनी के बाद उसे गोली मारकर भाग निकले। घटना के संबंध में जिगना पुलिस ने चार लोगों को नामजद किया है।

घटना के संबंध में मृतक के भाई सुरेश दुबे ने रिपोर्ट दर्ज कराई है। जिसमें बताया गया है कि सोमवार को गांव के ही सोनू नायक, मनीष नायक, सुनील नायक और अनिल शर्मा उनके घर में घुस आए। जहां वह उसके भाई कपिल दुबे से रुपयों के लेनदेन को लेकर कहासुनी करने लगे।

विवाद इतना बढ़ा कि आरोपितों ने कपिल पर बंदूक तान दी। बचाव में कपिल ने भी अपनी बंदूक उठा ली। लेकिन आरोपितों ने मौका देखकर गोली चला दी। जो कपिल के पेट में जा लगी और वह मौके पर ही गिर पड़ा। गोली लगने से कपिल का मौत हो गई। घटना के बाद आरोपित भाग खड़े हुए। मृतक गांव में खेती किसानी का काम करता था।

Share this with Your friends :

Share on whatsapp
Share on facebook
Share on twitter