Datia news : दतिया। अपनी दुकान में बैठकर टीवी देखकर सब्जी विक्रेता को दो लोगों ने अापसी विवाद के चलते गोली मार दी। इस घटना में सब्जी विक्रेता घायल हो गया। गोली की आवाज सुनकर आसपास के लोग भी सकते में आ गए। कुछ लोग मौके पर भी पहुंचे। जिन्हें आता देख आरोपित भाग खड़े हुए।
इस घटना में सब्जी विक्रेता गंभीर रूप से घायल हो गया। जिसे उपचार के लिए ग्वालियर रैफर किया गया है। पुलिस ने घटना के संबंध में आरोपितों को नामजद कर जांच शुरू कर दी है। घटना शनिवार-रविवार की दरिमियानी रात करीब साढ़े 12 बजे की बताई जाती है।
सिविल लाइन थाना टीआई धवल सिंह चौहान ने बताया कि सेवढ़ा चुंगी पर सब्जी विक्रय का कार्य करने वाले बाबूलाल कुशवाहा बाबूलाल अपनी दुकान में टीवी देख रहा था। इसी दौरान इंदरगढ़ निवासी छोटू कुशवाहा अपने साथी पप्पू के साथ वहां आया और बाबूलाल से विवाद करने लगा। इसके बाद गुस्से में उसने कट्ट से गोली मार दी। घटना का कारण आपसी रंजिश बताया जाता है।

गोली की आवाज सुन मचा हडकंप : गोली की आवाज सुन आसपास के लाेग जमा हुए तो आरोपित भाग निकले। मौके पर पहुंची पुलिस ने घायल युवक को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया। युवक के पेट में गोली लगने से उसकी हालत गंभीर बनी हुई है।
जिसे देखते हुए चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद ग्वालियर रेफर कर दिया है। फिलहाल दोनों आरोपित फरार हैं। जिनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस प्रयास कर रही है।
किशोरी को पुलिस ने उरई से किया बरामद : इधर भगुवापुरा पुलिस ने अपहृत किशोरी को उरई से बरामद किया है। जानकारी के अनुसार उक्त किशोरी भगुवापुरा से अचानक लापता हो गई थी। जिसे पुलिस टीम ने उरई जिला जालौन उप्र से अपराध कायमी के छह घंटे के अंदर दस्तयाब कर लिया।
उक्त कार्रवाई में थाना प्रभारी सोबरन सिंह तोमर, एएसआई शैलेंद्र सिंह कौरव, प्रधान आरक्षक हरगोविंद, सुरेश सिंह, टीटू चौहान, महिला आरक्षक भावना राजावत की भूमिका रही।