6 साल बाद घर लौटी युवती ने बयां की दर्दनाक आपबीती : अपहरण के बाद आरोपी ने कई शहरों में बनाया बंधक, लगातार किया शोषण

दतिया | शहर से छह साल पहले लापता हुई एक युवती के अचानक घर लौटने के बाद एक गंभीर और चौंकाने वाला मामला सामने आया है। 28 वर्षीय युवती ने पुलिस के समक्ष अपनी आपबीती बताते हुए आरोप लगाया है कि उसे वर्षों तक बंधक बनाकर रखा गया और अलग-अलग स्थानों पर उसके साथ अत्याचार किया गया। युवती की शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।


बस स्टैंड से शुरू हुई पूरी घटना : पीड़िता के अनुसार, वह फरवरी 2020 में पढ़ाई के सिलसिले में बस स्टैंड क्षेत्र पहुंची थी। इसी दौरान उसके परिचित एक युवक ने उसे जबरन वाहन में बैठाकर दूसरे शहर ले जाया। वहां उसे एक होटल में रोका गया, जहां उसके साथ जबरदस्ती की गई। इसके बाद आरोपी उसे अलग-अलग शहरों में ले जाता रहा और लंबे समय तक एक कमरे में बंद रखता था।


कई शहरों में बंधक बनाकर रखा, लगातार धमकियां : युवती का आरोप है कि उसे महीनों तक बाहर निकलने नहीं दिया गया और विरोध करने पर मारपीट व जान से मारने की धमकी दी जाती थी। आरोपी ने उसे किसी से संपर्क नहीं करने दिया और लगातार डर का माहौल बनाए रखा। बाद में उसे दूसरे शहर में एक हॉस्टल में अपने परिचित के रूप में रखवाया गया, जहां भी वह समय-समय पर आकर उसे धमकाता रहा।


शादी का झांसा देकर लंबे समय तक किया शोषण : पीड़िता के मुताबिक आरोपी ने शादी का भरोसा देकर उसे अपने कब्जे में रखा, लेकिन समय बीतने के साथ यह वादा कभी पूरा नहीं किया। इस दौरान वह लगातार मानसिक और शारीरिक उत्पीड़न झेलती रही।


घर वापसी के बाद खुला पूरा मामला : हाल ही में युवती को यह जानकारी मिली कि उसके परिवार ने उसकी गुमशुदगी दर्ज कराई थी। इसके बाद वह 11 अप्रैल को घर लौटी और परिजनों को पूरी घटना बताई। परिवार के साथ थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई गई।


पुलिस ने शुरू की कार्रवाई : पुलिस ने आरोपी के खिलाफ अपहरण, बंधक बनाकर रखने, मारपीट और धमकी देने जैसी गंभीर धाराओं में मामला दर्ज किया है। फिलहाल आरोपी फरार बताया जा रहा है और उसकी तलाश जारी है। पुलिस का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार किया जाएगा।

Share

Share on whatsapp
Share on facebook
Share on twitter