शाम को मंदिर गई युवती अगले दिन जंगल में मिली : घायल अवस्था में देख राहगीरों ने पुलिस को दी खबर, मामला संदेहास्पद

Datia news : दतिया। रोज की तरह घर के पास बने मंदिर में दर्शन करने गई युवती वहां से रविवार शाम अचानक लापता हो गई। जब वह काफी देर तक घर नहीं पहुंची तो परिवार के सदस्यों ने उसकी खोजबीन की। लेकिन कहीं पता न चलने पर कोतवाली में गुमशुदगी दर्ज कराई गई।

इस बीच सोमवार सुबह मोहना स्थित हनुमान मंदिर के पास जंगल से सटे सड़क किनारे घायल अवस्था में मिली। युवती के चेहरे और शरीर पर मारपीट के निशान पाए गए हैं, जिससे उसके साथ गंभीर अपराध की आशंका जताई जा रही है।

घटना के बाद भाजपा के तमाम पदाधिकारी भी मौके पर पहुंच गए। उन्होंने पुलिस से आरोपितों को शीघ्र गिरफ्तार करने की मांग भी उठाई।

स्थानीय लोगों ने सड़क किनारे युवती को घायल हालत में देखा और तुरंत पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने युवती को तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया।

यहां डाक्टरों के पैनल ने उसका मेडिकल परीक्षण किया। युवती की हालत को देखते हुए उसे उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। चिकित्सकों के अनुसार युवती के मुंह पर गहरी चोटों के निशान हैं, जो मारपीट के लगते हैं।

पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि युवती मानसिक रूप से कमजोर है। जानकारी के अनुसार वह रविवार रात भांडेरी फाटक स्थित गुर्जा हनुमान मंदिर दर्शन के लिए घर से निकली थी।

इसी दौरान रास्ते में बाइक सवार कुछ अज्ञात लोग उसे अपने साथ ले गए। इसके बाद वह पूरी रात लापता रही और सोमवार सुबह जंगल के पास सड़क किनारे घायल अवस्था में मिली। आशंका जताई जा रही है कि युवती के साथ मारपीट कर उसे सुनसान इलाके में छोड़ दिया गया।

घटना की सूचना मिलते ही दतिया की एसडीओपी आकांक्षा जैन सिविल लाइन थाना और कोतवाली थाना पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचीं।

पुलिस ने जंगल क्षेत्र और आसपास के इलाके में सघन छानबीन की, लेकिन अब तक कोई ठोस सुराग हाथ नहीं लग सका है। घटनास्थल से जुड़े हर पहलू की पुलिस बारीकी से जांच कर रही है।

Share

Share on whatsapp
Share on facebook
Share on twitter
error: Content is protected !!