गुजरात पेपर लीक : भूख हड़ताल पर बैठे आप नेता की हालत बिगड़ी, अस्पताल में भर्ती

अहमदाबाद : गुजरात में आम आदमी पार्टी (आप) के नेता महेश सावनी को सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के खिलाफ भूख हड़ताल के दौरान सेहत बिगड़ने के बाद अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वह सरकारी विभागों में प्रधान लिपिकों की भर्ती का परीक्षा पत्र कथित तौर पर लीक होने को लेकर भूख हड़ताल कर रहे हैं।

इस बीच, आप ने परीक्षा पत्र लीक मामले के संबंध में अपनी लड़ाई को लेकर पिछले हफ्ते से जेल में बंद और अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल पर बैठे अपने नेताओं तथा कार्यकर्ताओं के अच्छे स्वास्थ्य की कामना के लिए यहां प्रदेश पार्टी कार्यालय में मंगलवार को एक ‘यज्ञ’ किया।

आप ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में बताया कि सावनी को प्रदर्शन स्थल पर नियमित जांच के दौरान सेहत बिगड़ने के बाद सोमवार शाम को अहमदाबाद के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया। सावनी और आप के दिल्ली के विधायक तथा गुजरात इकाई के प्रभारी गुलाब सिंह बुधवार से पार्टी कार्यालय में अनशन पर बैठे हैं

और वे सरकार विभागों में प्रधान लिपिक के तौर पर भर्ती के लिए 12 दिसंबर को हुई परीक्षा में बैठे करीब 88,000 उम्मीदवारों के लिए न्याय की मांग रहे हैं। परीक्षा पत्र लीक होने के कारण यह परीक्षा बाद में रद्द कर दी गयी थी। इस मामले को लेकर पिछले सप्ताह गांधीनगर में भाजपा मुख्यालय में घुसने पर प्राथमिकी दर्ज होने के बाद आप के 60 से अधिक नेता और कार्यकर्ता जेल में बंद हैं।

Written & Source By : P.T.I

Share

Share on whatsapp
Share on facebook
Share on twitter
error: Content is protected !!