एलपीजी सिलेंडर फटने से दिल्ली में 17 लोग गंभीर घायल : सिलेंडर बदलने के दौरान हुआ हादसा

नईदिल्ली : उत्तर-पश्चिमी दिल्ली में गत दिवस एक इमारत में एलपीजी सिलेंडर में आग लगने के बाद उसमें विस्फोट होने से 17 लोग झुलस गए। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

जानकारी के मुताबिक यह हादसा आजादपुर के लाल बाग इलाके में हुआ। दमकल विभाग को आग लगने की सूचना सुबह करीब 10 बजे मिली। अधिकारियों के मुताबिक इस हादसे में अब तक किसी के मरने की कोई सूचना नहीं है।

दिल्ली अग्निशमन सेवा विभाग के निदेशक अतुल गर्ग ने कहाकि घटना की सूचना मिलने पर हमने तुरंत दमकल की तीन गाड़ियों को मौके पर रवाना किया, हमें पांच लोगों के झुलसने की सूचना मिली थी।

पुलिस के अनुसार विस्फोट के कारण पांच घर क्षतिग्रस्त हो गए। विस्फोट की चपेट में आने से कुल 17 लोग झुलस गए। उत्तर-पश्चिम दिल्ली की पुलिस उपायुक्त उषा रंगनानी ने कहाकि आदर्श नगर पुलिस थाने में सुबह करीब 10.08 बजे एक पीसीआर कॉल आई थी, जिसमें लालबाग मस्जिद, आजादपुर के पास एक घर में सिलेंडर फटने से आग लगने की घटना की जानकारी मिली। पुलिस को पांच लोगों के घायल होने की जानकारी मिली थी।

पुलिस के घटनास्थल पर पहुंचने के बाद पता चला कि इस हादसे में 17 लोग झुलस गए हैं, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

पुलिस उपायुक्त के मुताबिक, 16 लोग आंशिक तौर पर झुलसे हैं और उन्हें बीजेआरएम ले जाया गया जबकि गंभीर रूप से झुलसे एक व्यक्ति को राम मनोहर लोहिया अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

पुलिस अधिकारी के मुताबिक प्रारंभिक जांच में पता चला कि पप्पू कुमार नामक एक व्यक्ति इमारत की तीसरी मंजिल पर अपने घर में गैस सिलेंडर बदल रहा था और इसी दौरान उसका एलपीजी सिलेंडर फट गया और उसके घर की छत और दीवारें गिर गईं।

इसकी चपेट में आने से दूसरी मंजिल के चार अन्य मकान भी गिर गए। पुलिस ने बताया कि आदर्श नगर पुलिस थाने में भारतीय दंड संहिता की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है।

Share

Share on whatsapp
Share on facebook
Share on twitter