दुष्कर्म के आरोपी को आश्रय देने वाले का ढाबा प्रशासन ने किया जमींदोज, पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार

कटनी : साढ़े तीन वर्षीय बालिका का अपहरण और बलात्कार के फरार आरोपी कटनी जिले के शिवकुमार पटेल उर्फ सोनू पटेल उर्फ भक्का को आश्रय देने वाले तिलक चौक कैमोर निवासी राजू फिलिप के ढाबा को जिला प्रशासन और पुलिस बल की संयुक्त कार्यवाही में आज जमींदोज कर दिया गया।

कटनी जिले के कुठला बस्ती, मेहगंवा थाना कैमोर निवासी शिवकुमार पटेल उर्फ सोनू पटेल पर 10 एवं 11 सितम्बर की दरम्यानी रात करीब 2 से 3 बजे के बीच साढ़े तीन वर्षीय नाबालिग बच्ची के साथ दुष्कर्म का आरोप है। बच्ची की तलाश करने पर वह रात में ही घर के पास खड़े ट्रेक्टर के पास रोते मिली। परिवारजन द्वारा घर के समीप ही किराये से रहने वाले शिवकुमार पटेल उर्फ सोनू पटेल से पूछने पर उसने हैवानियत भरा काम करना स्वीकार किया।

ग्रामीणों ने डायल 100 फोन कर पुलिस को बुलाया और पुलिस ने आरोपी शिवकुमार पटेल को गिरफ्तार कर लिया, लेकिन आरोपी भाग निकला। इसे पकड़ने के लिए पुलिस अधीक्षक श्री सुनील कुमार जैन ने दस हजार रूपये का ईनाम घोषित किया।

पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार करने अभियान चलाया और सोमवार 12 सितम्बर को आरोपी शिवकुमार पटेल को विजयराघवगढ़ पुलिस थाना क्षेत्र के ग्राम जोबा में पकड़ लिया। पकड़े जाने पर आरोपी ने ढाबा मालिक राजू फिलिप के कैमोर स्थित ढाबा में आश्रय मिलने की जानकारी दी।

आरोपी शिवकुमार पटेल को फरारी के दौरान संरक्षण एवं आश्रय देने वाले तिलक चौक कैमोर निवासी 50 वर्षीय राजू फिलिप के ढाबा को जिला प्रशासन और पुलिस बल ने संयुक्त कार्यवाही कर ध्वस्त कर दिया।

Share

Share on whatsapp
Share on facebook
Share on twitter
error: Content is protected !!