कार्रवाई : लखनऊ-मुंबई पुष्पक एक्सप्रेस में 20 साल की लड़की से सामूहिक दुष्कर्म, पुलिस ने चार आरोपियों को पकड़ा

मुंबई : लखनऊ से मुंबई जा रही पुष्पक एक्सप्रेस में 20 साल की महिला से सामूहिक दुष्कर्म की घटना सामने आई है।यह वारदात शुक्रवार की देर रात महाराष्ट्र के इगतपुरी और कसारा रेलवे स्टेशन के बीच हुई।

मुंबई की राजकीय रेलवे पुलिस (जीआरपी) ने इस संबंध में चार आरोपितों को गिरफ्तार किया है। मुंबई जीआरपी के आयुक्त कैसर खालिद ने बताया कि ट्रेन जब घाट io क्षेत्र से गुजर रही थी, तब यह वारदात हुई।

उन्होंने ट्वीट कर कहा, घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने तत्काल कार्रवाई की और चार लोगों को गिरफ्तार कर लिया गया। महिला अपने पति के साथ यात्रा कर रही थी। पति ने डकैतों को विरोध किया तो उसे मारा-पीटा और चाकू मारने की धमकी दी। खालिद के मुताबिक आरोपित लखनऊ-मुंबई पुष्पक एक्सप्रेस में महाराष्ट्र के इगतपुरी स्टेशन से स्लीपर कोच डी-2 में चढ़े थे।

आठ डकैत ट्रेन में चढ़े थे। देर रात ट्रेन के घाट क्षेत्र में पहुंचते ही डकैतों ने महिला से सामूहिक दुष्कर्म किया। घाट क्षेत्र पहाड़ी और जंगली इलाका है, इसलिए तत्काल कोई मदद नहीं मिल सकी। ट्रेन के कसारा पहुंचने पर यात्रियों ने मदद मांगी। जीआरपी ने तत्काल महिला का मेडिकल कराया।

खालिद ने बताया कि महिला की हालत ठीक है। खालिद ने एक अन्य ट्वीट में कहा कि चार आरोपितों को गिरफ्तार किया गया है। बाकी की तलाश की जा रही है। डकैतों ने यात्रियों से 96,390 रुपये के मोबाइल और अन्य सामान भी लूटे थे। इनमें से 34,200 हजार से ज्यादा के सामान बरामद कर लिए गए हैं

Share this with Your friends :

Share on whatsapp
Share on facebook
Share on twitter