दभैरा में पकड़ी गई नकली घी फैक्ट्री के संचालकों पर हुई एफआईआर कलेक्टर के निर्देश के बाद हुई कार्रवाई

दतिया। ग्राम दभैरा में पकड़ी गई नकली घी फैक्ट्री के संचालक सहित चार लोगों पर धारा 420 एवं अन्य धाराओं के तहत इंदरगढ़ थाने में एफआईआर दर्ज कराई गई है। कलेक्टर के निर्देश पर खाद्य सुरक्षा अधिकारी ने यह एफआईआर दर्ज कराई है। डेयरी संचालकों पर कार्रवाई के बाद ग्रामीण क्षेत्र में दूध का कारोबार करने वाले दुकानदारों में हडकंप मचा हुआ है।
गत 19 जनवरी को इंदरगढ़ तहसील के ग्राम दभैरा में एसडीएम सेवढ़ा अनुराग निंगवाल, जिला खाद्य अधिकारी दिनेश निम, तहसीलदार सुनील भदोरिया व थाना प्रभारी वाईएस तोमर ने वहां संचालित दूध डेयरी पर छापामार कार्रवाई की। कार्रवाई के दौरान डेयरी के तलघर में नकली घी बनाने का कारोबार चलता मिला। इस दौरान 7 लाख का तैयार नकली घी, सेफोलाइट के पैकट, यूरिया, हाइड्रोजन, रिफाइंड टीन, नकली दूध बनाने के केमिकल जप्त किए गए। ड्रमों में भरी सामग्री को ट्रैक्टर से लदवाकर इंदरगढ़ थाने के सुपुर्द किया गया था । इस मामले में खाद्य अधिकारी दिनेश निम ने दतिया कलेक्टर संजय कुमार को अपनी रिपोर्ट प्रस्तुत की, जिस पर दतिया कलेक्टर के निर्देश पर इंदरगढ़ थाने में अवैध दूध डेयरी के संचालक रामबाबू पटसारिया, दशरथ चौहान, बल्लू पाल, राजेंद्र पटसारिया के खिलाफ धारा 420, 269, 272, 273 एवं धारा 63 खाद्य सुरक्षा मानक अधिनियम 2006 के तहत प्रकरण पंजीबद्ध किया है।
इस मामले में इंदरगढ़ टीआई वाइएस तोमर ने बताया कि 19 जनवरी को दभैरा में पकड़ी गई नकली घी फैक्ट्री के कारोबारियों के विरुद्ध खाद्य सुरक्षा अधिकारी की ओर से पुलिस में प्रकरण दर्ज कराया गया है। सभी आरोपितों की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।

Share

Share on whatsapp
Share on facebook
Share on twitter