लम्पी बीमारी से सुरक्षा के लिए साढ़े 26 लाख पशुओं को लगाई वैक्सीन : मृत्यु दर में आई कमी

भोपाल : प्रदेश में लम्पी बीमारी का प्रकोप पिछले कई दिनों से चल रहा है। वर्तमान में प्रदेश के 33 जिले इस रोग से प्रभावित हैं, जिनमें से सिर्फ 20 जिलों में अभी तक इस रोग की प्रयोगशाला से पुष्टि हुई है। संचालक पशुपालन एवं डेयरी ने बताया कि विगत 3 माह में प्रदेश के कुल 25 हजार 691 पशु इस रोग से प्रभावित हुए हैं, जिसमें से कुल 22 हजार 975 (90%) पशु इस बीमारी से ठीक हो चुके हैं। प्रदेश में आज दिनांक तक 2333 सक्रिय केसेस हैं, जिनका नियमित एवं निरंतर उपचार जारी है।

संचालक पशुपालन एवं डेयरी ने बताया कि विभाग द्वारा आज दिनांक तक कुल 26 लाख 50 हजार पशुओं में टीकाकरण किया जा चुका है। साथ ही बीमार पशुओं का सतत उपचार किया जा रहा है, जिसके कारण विगत 25 दिनों से प्रभावित पशुओं की संख्या एवं पशुओं की मृत्यु दर में कमी आई है। साथ ही विगत एक सप्ताह से कोई भी नये जिले से बीमारी की सूचना प्राप्त नहीं हुई है।

लम्पी बीमारी की रोकथाम के लिये प्रभावित क्षेत्रों में टीकाकरण एवं उपचार कार्य युद्ध स्तर पर किया जा रहा है। विभाग द्वारा लम्पी स्किन बीमारी की रोकथाम के लिये मॉनीटरिंग प्रतिदिन की जा रही है। जिलों से प्राप्त जानकारी अनुसार बीमारी का प्रकोप विगत 25 दिन से कम होता नजर आ रहा है एवं स्थिति नियंत्रण में है।

Share

Share on whatsapp
Share on facebook
Share on twitter
error: Content is protected !!