दतिया। जिले के सुप्रसिद्ध आस्था धाम मां रतनगढ़ वाली के पावन दरबार में दीपावली भाईदूज के अवसर पर वार्षिक लक्खी मेला मंगलवार को पूरी श्रद्धा और गरिमा के साथ प्रारंभ हो गया। सोमवार-मंगलवार की मध्यरात्रि से ही मंदिर परिसर और पहुंच मार्गों पर लाखों श्रद्धालुओं की कतारें लगनी शुरू हो गईं।

मध्यप्रदेश के अलावा उत्तर प्रदेश, राजस्थान, दिल्ली और हरियाणा सहित पड़ोसी राज्यों से श्रद्धालुओं का निरंतर आगमन जारी है। प्रशासनिक आंकड़ों के अनुसार सुबह 8:30 बजे तक करीब 7.50 लाख से अधिक श्रद्धालु सुगमता से दर्शन कर चुके हैं, जबकि आगामी दो दिनों के भीतर यह संख्या 25 से 30 लाख तक पहुंचने का अनुमान है।
लाखों श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुगम आवागमन और आपातकालीन स्वास्थ्य प्रबंधन को सुनिश्चित करने के लिए कलेक्टर स्वप्निल वानखड़े और पुलिस अधीक्षक मयूर खंडेलवाल स्वयं मेला क्षेत्र एवं केंद्रीय कंट्रोल रूम में उपस्थित रहकर समूची व्यवस्थाओं की पल-पल निगरानी कर रहे हैं।
आस्था और परंपरा: सिंध स्नान के बाद कुंवर बाबा के दरबार में सर्पदंश का ‘बंध’ : रतनगढ़ माता और कुंवर बाबा धाम की विशेष मान्यता सर्पदंश से रक्षा और उसके अचूक आध्यात्मिक उपचार से जुड़ी हुई है:
‘बंध’ काटने की अनूठी परंपरा : मान्यता है कि अंचल में जब भी किसी व्यक्ति को जहरीला सांप अथवा बिच्छू काटता है, तो परिजन मां रतनगढ़ और कुंवर बाबा के नाम का रक्षा-सूत्र (बंध) पीड़ित को बांध देते हैं। इसके बाद भाईदूज के पावन दिन श्रद्धालु यहां आकर इस बंध को कटवाते हैं।

सिंध नदी में स्नान और ‘मैर’ (मूर्छा) : दर्शन से पूर्व श्रद्धालु पवित्र सिंध नदी में स्नान करते हैं। स्थानीय मान्यता के अनुसार, नदी में डुबकी लगाते ही सर्पदंश से पीड़ित रहे व्यक्तियों पर पूर्व जहर के प्रभाव से मूर्छा (अचेत अवस्था) छाने लगती है, जिसे स्थानीय बोली में ‘मैर आना’ कहा जाता है।
स्ट्रेचर से सीधा दरबार : नदी घाटों पर अचेत होने वाले श्रद्धालुओं को बिना किसी विलंब के सुरक्षित पहुंचाने के लिए प्रशासन ने 40 से अधिक स्ट्रेचर और स्वास्थ्य कर्मियों की विशेष टीमें तैनात की हैं। पीड़ितों को तत्काल कुंवर बाबा के चबूतरे तक पहुंचाया जाता है, जहां धार्मिक अनुष्ठान और पवित्र जल के छिड़काव के बाद वे स्वस्थ महसूस करते हैं।
भीड़ नियंत्रण के लिए पहली बार ‘एक्सप्रेस एंट्री-एग्जिट’ सिस्टम : मेले में अप्रत्याशित भीड़ के दबाव को नियंत्रित करने और सुगम आवागमन के लिए प्रशासन ने आधुनिक क्राउड मैनेजमेंट मॉडल लागू किया है:
22 सेक्टर और 2 हजार जवान: संपूर्ण मेला क्षेत्र को 22 सुरक्षा सेक्टरों में बांटा गया है। चप्पे-चप्पे पर 2,000 से अधिक पुलिस बल की तैनाती की गई है, जबकि 100 से ज्यादा सीसीटीवी कैमरों के जरिए मुख्य कंट्रोल रूम से 24 घंटे निगरानी रखी जा रही है।

वन-वे आवागमन व्यवस्था : श्रद्धालुओं के आमने-सामने टकराव को रोकने के लिए प्रवेश और निकास के बिल्कुल अलग मार्ग बनाए गए हैं। बसई मलक की ओर से आने वाले श्रद्धालु सीढ़ियां चढ़कर सीधे मुख्य मंदिर पहुंच रहे हैं, जहां से पहाड़ी मार्ग होकर कुंवर बाबा के दर्शन कराए जा रहे हैं। वहीं, वापसी के लिए जवारे वाले चबूतरे के नए मार्ग से निकासी सुनिश्चित की गई है।
चार स्तरीय रिंग पार्किंग: मेला क्षेत्र में वाहनों का प्रवेश रोकने के लिए 25 पार्किंग स्थल तैयार किए गए हैं। मुख्य पार्किंग बसई मलक (क्षमता 6,000 वाहन, दूरी 4 किमी) में बनाई गई है। इसके अलावा दूल्हादेव (10,000 वाहन, 8 किमी), भगुवापुरा (11 किमी), खंजापुरा (13 किमी) तथा ग्वालियर रोड पर देवगढ़ (4.5 किमी) में बड़ी पार्किंग व्यवस्था की गई है।
किसानों का सहयोग : श्रद्धालुओं की सुविधा, विशाल पार्किंग स्थलों और सेवा शिविरों के लिए आसपास के ग्रामीण किसानों ने संवेदनशीलता दिखाते हुए अपने खेतों में रबी फसलों की बुवाई आगे बढ़ा दी है।
यात्री सुविधाएं: मार्ग में 10 बड़े यात्री प्रतीक्षालय, 2,500 से अधिक लोगों के विश्राम की खुली व्यवस्था, 18 एंबुलेंस और कतार में खड़े श्रद्धालुओं के लिए चार विशाल एलईडी स्क्रीन स्थापित की गई हैं।
चंबल का इतिहास: बागी भी टेकते थे मत्था : ऐतिहासिक दृष्टि से रतनगढ़ धाम को कभी ‘बागियों का मंदिर’ भी कहा जाता रहा है। चंबल के बीहड़ों के दौर में दुर्दांत दस्यु सरगना भी माता के प्रति अगाध आस्था रखते थे। किंवदंतियों के अनुसार, कई बड़े बागी पुलिस की सख्त घेराबंदी के बीच जंगलों के गुप्त रास्तों से आकर माता के दरबार में पीतल और कांसे का विशाल घंटा चढ़ाते थे। मंदिर प्रांगण में आज भी बंधे सैकड़ों भारी-भरकम घंटे इसी ऐतिहासिक आस्था की गवाही देते हैं।

