कुशीनगर में शादी समारोह के दौरान हादसा : कुएं में गिरने से 9 बच्चियों समेत 13 महिलाओं की मौत; PM मोदी ने जताया दुख

कुशीनगर (उत्तर प्रदेश) : कुशीनगर जिले के नेबुआ नौरंगिया क्षेत्र में शादी की रस्म के दौरान कुएं में गिरने से 13 लड़कियों एवं महिलाओं की मौत हो गई। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस घटना पर दुख व्यक्त किया है। बहुजन समाज पार्टी (बसपा) प्रमुख मायावती ने भी घटना पर दुख व्यक्त करते हुए सरकार से पीड़ित परिवारों की मदद करने की मांग की है।

जिलाधिकारी एस. राजलिंगम ने बृहस्पतिवार को बताया कि नेबुआ नौरंगिया थाना क्षेत्र के नौरंगिया टोला में बुधवार रात करीब 10 बजे परमेश्वर कुशवाहा नामक व्यक्ति के घर में शादी के लिए हल्दी की रस्म हो रही थी और कुछ महिलाएं और लड़कियां कुएं के ऊपर लगे जाल पर बैठकर रस्म अदा कर रही थीं। इस दौरान वह जाल टूट गया और उस पर बैठे सभी लोग कुएं में जा गिरे।

अभी तक मिली जानकारी के मुताबिक इस घटना में कुल 13 लोगों की मौत हुई है। इनमें पूजा (19), शशि कला (15), शकुंतला (35), ममता देवी (35), मीरा (25), पूजा (20), परी (एक), ज्योति (15), राधिका (16), सुंदरी (15), आरती (10), पप्पी (20) और मनु (18) शामिल हैं।

जिलाधिकारी ने बताया कि इस हादसे में करीब 10 अन्य लोग जख्मी भी हुए हैं जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है, मृतकों के परिजन को चार-चार लाख रुपए की सहायता दी जाएगी।उन्होंने बताया कि शव पोस्टमार्टम के लिए भेजे गए हैं। मामले की जांच की जा रही है।


राज्य सरकार के एक प्रवक्ता के मुताबिक उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस दुर्घटना पर गहरा शोक व्यक्त किया है।उन्होंने अधिकारियों को हादसे में घायल लोगों का समुचित उपचार कराने के निर्देश दिए हैं।

PM मोदी ने जताया दुख

बहुजन समाज पार्टी प्रमुख मायावती ने ट्वीट कर इस घटना पर दुख व्यक्त किया। उन्होंने कहा, ‘ उत्तर प्रदेश के कुशीनगर जिले में शादी समारोह के दौरान कल रात कुएं में गिरने से 13 महिलाओं की मौत की खबर अति दुखद है। पीड़ित परिवारों के प्रति मेरी गहरी संवेदना। कुछ अन्य दुर्घटनाओं में भी कई लोगों की मौत हुई है। सरकार पीड़ित परिवारों की यथासंभव मदद करे।’

Written & Source By : P.T.I

Share

Share on whatsapp
Share on facebook
Share on twitter
error: Content is protected !!