विदेशी महिला के दतिया आने पर प्रशासन बना चकरघिन्नी, आनन फानन में कराई गई छानबीन, फिर होटल में ठहराया

Datia News : दतिया । दतिया में अचानक एक विदेशी महिला के पहुंच जाने से सारा प्रशासन चकरघिन्नी बन गया। पहले तो उस महिला के कोरोना टेस्ट को लेकर सवाल उठाए जाने लगे। जिसके बाद पूछतांछ में पता चला कि विदेशी महिला अपना कोरोना टेस्ट कराकर आई है। जिसमें वो निगेटिव निकली थी। सारे मामले में संतुष्टी के बाद प्रशासन ने उस महिला को स्थानीय तान्या पैलेस होटल में ठहराने की व्यवस्था की। सोमवार को वह झांसी उप्र होती हुई अपने अगले गंतव्य हो रवाना हो जाएगी।

जानकारी के अनुसार लातबिया देश की रहने वाली विदेशी महिला कृषा धार्मिक स्थल वृंदावन से पैदल और लिफ्ट मांगती हुई, लंबा रास्ता तय कर रविवार को दतिया पहुंच गई। इतना लंबा सफर तय करती हुई उस महिला के दतिया तक पहुंचने की खबर जैसे ही प्रशासन और पुलिस को दी गई। वैसे ही सारा स्थानीय प्रशासन तंत्र सतर्क हो गया। विदेशी महिला के बारे में प्रशासनिक अधिकारियों ने पूरी जानकारी जुटाई। यह पता लगाया गया कोरोना टेस्ट उक्त महिला ने कराया है या नहीं। जब इस मामले में लातबिया देश की रहने वाली विदेशी महिला से जानकारी ली गई तो उसने बताया कि मथुरा में उसका कोरोना टेस्ट हुआ था, जहां वह निगेटिव आई थी। इस पुष्टि के बाद प्रशासन ने उक्त विदेशी महिला के ठहरने की व्यवस्था की गई।

स्थानीय होटल तान्या पैलेस में पहुंचे पुलिस अधिकारियों ने उसके वहां रुकने की व्यवस्था कराई। इधर बताया जाता है कि उक्त विदेशी महिला कृषा भी दतिया में ठहरने के लिए होटल तान्या पैलेस पहुंची थी, जहां के प्रबंधन से इस मामले में प्रशासन को सूचना दी गई। जिसके बाद महिला को लेकर पूरी छानबीन की जा सकी। होटल तान्या पैलेस में महिला को रुकवाने का जिला प्रशासन ने बंदोबस्त किया। सोमवार को महिला झांसी से बैंगलूरु रवाना होगी।

Share this with Your friends :

Share on whatsapp
Share on facebook
Share on twitter