दस साल बाद भड़की बदले की चिंगारी : भतीजे ने चाचा को ही मार दी गोली, पुलिस पर भी फायरिंग की कोशिश

Datia news : दतिया। कई वर्षाें से मन में बदले की भावना दबाए बैठे भतीजे ने आखिरकार अपने ही चाचा को गोली का निशाना बना लिया। गनीमत रही कि चाचा इस हमले में गंभीर रुप से घायल हुआ। जिसे परिवार के लोग उपचार के लिए ग्वालियर ले गए। जहां उसकी हालत फिलहाल खतरे से बाहर बताई जा रही है। इधर गोलीबारी की घटना को लेकर पूरे गांव में दहशत का आलम है।

सूत्रों की मानें में उक्त आरोपित की गिरफ्तारी के लिए जब पुलिस ने घेराबंदी की तो उसने पुलिस कर्मियों पर ही कट्टा तान दिया और फायरिंग की कोशिश की। लेकिन पुलिस ने उसे दबोच लिया।

रंजिश के चलते भतीजे ने अपने ही चाचा को गोली मार दी। गोली चाचा की गर्दन को पार करती हुई निकल गई। जिसे गंभीर हालत में अस्पताल पहुंचाया गया। जहां से घायल को ग्वालियर रेफर कर दिया गया।

जहां उसका उपचार जारी है। वहीं पुलिस ने आरोपित को कट्टे सहित गिरफ्तार कर लिया। घटना थरेट थाना क्षेत्र के ग्राम बरसिंगपुरा में शुक्रवार को घटित हुई।

थरेट थाना प्रभारी अनफासुल हसन ने बताया कि बरसिंगपुरा निवासी राजेश पुत्र भोगीराम जाटव कहीं जा रहा था। इसी बीच उसका आमना सामना अपने भतीजे संजू जाटव पुत्र सोबरन जाटव से हो गया। उसे गुस्से से देखते हुए संजू ने कट्टा निकालकर फायर झोंक दिया। जिसकी गोली राजेश की गर्दन को चीरते हुए पार निकल गई।

Banner Ad

गोली की आवाज सुनकर गांव के लोग मौके पर जमा हो गए। जिसके बाद आरोपित भाग निकला। सूचना मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंची। जहां से घायल को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। छानबीन के दौरान पुलिस को जानकारी मिली कि पिछले दस वर्षों से दोनों परिवारों के बीच बोलचाल बंद थी।

जबकि पीड़ित और आरोपित के पिता रिश्ते में चचेरे भाई लगते हैं। तभी से चली आ रंजिश के चलते यह घटना घटित हुई है। वहीं ग्रामीणों में इस मामले को लेकर अलग-अलग तरह की चर्चाएं हैं।

इधर घटना के बाद फरार आरोपित संजू जाटव की गिरफ्तारी के लिए थाना प्रभारी हसन ने पुलिस टीम के साथ कई जगह दविश दी। जिसके बाद आरोपित को गिरफ्तार कर लिया गया।

पुलिस टीम को देखकर आरोपित ने फायरिंग करते हुए भागने का प्रयास भी किया। लेकिन उसे पकड़ लिया गया। आरोपित के पास से घटना में प्रयुक्त कट्टा व खाली कारतूस बरामद किया गया है।

Share this with Your friends :

Share on whatsapp
Share on facebook
Share on twitter