सौ सीसीटीवी कैमरों की फुटेज के बाद पुलिस पकड़ सकी लुटेरे : डा.गुलशन के यहां लूटपाट करने वाले 4 बदमाश हिरासत में, कट्टे व जेबरात बरामद

Datia News : दतिया। स्थानीय ठंडी सड़क निवासी डा. गुलशन शर्मा और उनकी पत्नी कंचन के साथ कट्टे की नोंक पर लूटपाट करने वाले 8 लुटेरों में 4 को पुलिस ने शुक्रवार को गिरफ्तार कर लूट का माल बरामद कर लिया। गत 5 सितंबर को 8 लुटेरे फरियादी की क्लीनिक में इलाज के बहाने से घुस आए थे। इसके बाद उन्होंने डा.गुलशन शर्मा एवं उनकी पत्नी डा. कंचन शर्मा से मारपीट करते हुए 22 हजार रुपये नकद, दो सोने की हाथ की चूड़ियां, एक चैन, 02 अंगूठी लूट ली थी और भाग निकले थे।

घटना के बाद एसपी अमन सिंह राठौड ने अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक दतिया कमल मौर्य के नेतृत्व में एसआईटी विशेष अनुसंधान दल गठित किया था। जिसमें प्रियंका मिश्रा एसडीओपी दतिया, दीपक नायक एसडीओपी बड़ौनी, कर्णिक श्रीवास्तव एसडीओपी भांडेर, निरीक्षक विजय सिंह तोमर थाना प्रभारी कोतवाली, उनि वैभव गुप्ता थाना प्रभारी डीपार, उनि अजय अम्बे थाना प्रभारी चिरुला, उनि यादवेन्द्र सिंह गुर्जर थाना प्रभारी उनाव, उनि आकाश संसिया थाना प्रभारी सरसई, उनि भास्कर शर्मा थाना कोतवाली, उनि विजय लोधी थाना प्रभारी थरेट, उनि रिपुदमन सिंह राजावत थाना प्रभारी पंडोखर एवं सउनि संजीव गौड़ प्रभारी सायबर सेल दतिया को लूट के आरोपितों की तलाश में लगाया गया था।

शहर के प्रवेश एवं बाहर जाने वाले रास्तों पर लगे सीसीटीव्ही कैमरों एवं घटनास्थल से भागने के सभी रास्तों में लगे सीसीटीव्ही कैमरों को खंगाला गया। लगभग 100 सीसीटीव्ही कैमरे की वीडियो फुटेज संकलित कर वीडियो फुटेज का अवलोकन किया गया। 1000 से ज्यादा मोबाइल नंबरों की जांच की गई। आसपास के जिले झांसी, शिवपुरी, ग्वालियर, आगरा, भिण्ड, मुरैना के भी आपराधिक प्रवृत्ति के आरोपितों के संबंध में जांच पडताल की गई। फरियादी द्वारा बताए हुलिए से कैमरे एवं संदिग्ध आरोपितों के चेहरे से मिलान किया गया। आरोपितों पर 30 हजार रुपये का ईनाम भी घोषित किया गया था।

पुलिस टीमों ने मथुरा, आगरा, मुरैना, ग्वालियर, झांसी व अन्य स्थानों पर 2 दिन तक आरोपितों की संदिग्ध स्थानों पर छुपे रहने की जानकारी प्राप्त की। जिसके बाद 4 आरोपित को गिरफ्तार कर लिया गया। जिनके नाम मनोहर यादव (दतिया), गब्बर रायकवार (दतिया), राजकुमार उर्फ राज ठाकुर (मथुरा) एवं दीपक उर्फ कैण्डी (झांसी) बताए गए हैं। पूछतांछ में रुपये के लालच में डकैती की घटना को घटित कर लूट के माल को आपस में बांटने की जानकारी आरोपितों ने दी।

उनके कब्जे से 01 सोने की जंजीर, 02 सोने की अंगूठी और 01 जोड़ी पायल एवं 8 हजार नकदी सहित डकैती के दौरान प्रयोग किए गए हथियार 01 पिस्टल एवं 3 कट्टे मय कारतूसों के जप्त किए गए। शेष आरोपियों की गिरफ्तारी एवं माल बरामदगी के प्रयास जारी हैं। शीघ्र ही शेष आरोपित मास्टर माइंड आकाश अहिरवार पुत्र जगदीश अहिरवार, रामकुमार उर्फ अख्तर, टिंकू लाक्षाकर को गिरफ्तार करने के लिए पुलिस टीम जुटी हुई है।

Share

Share on whatsapp
Share on facebook
Share on twitter
error: Content is protected !!