हजारों दीपों की रोशनी से जगमगाई अग्रवाल धर्मशाला : गोपाष्टमी पर दिखा दीपावली जैसा नजारा : समाज का दीपोत्सव कार्यक्रम हुआ

Datia news : दतिया। गोपाष्टमी के अवसर पर अग्रवाल धर्मशाला में विशाल दीपोत्सव व दीप रंगोली का आयोजन 9 नबंवर को किया गया। जिसमें अग्रवाल समाज के लोग सपरिवार पूरे उत्साह के साथ शामिल हुए। इस दौरान सभी ने एक साथ दीप प्रज्जवलित कर आयोजन स्थल अग्रवाल धर्मशाला को जगमगा दिया। कुछ ही देर में पूरा परिसर दीपमालिकाओं के प्रकाश से नहा गया। यह दृश्य सभी उपस्थितों का मनमोह रहा था। इस आयोजन को लेकर समाज के युवा वर्ग ने पूरी तैयारी की थी। इस दौरान सभी ने एक दूसरे को पर्व की शुभकामनाएं देते हुए, पूरे देश की सुख समृद्धि की कामना की। इस संबंध में नवयुवक मंडल अग्रवाल समाज के अध्यक्ष अमित अग्रवाल ने बताया कि दीपोत्सव को लेकर समाज के गणमान्यजन ने सपरिवार मौजूद होकर आयोजन की गरिमा बढ़ा दी। इस दौरान सभी उपस्थितों ने एक साथ हजारों दीपक प्रज्जवलित कर गोपाष्टमी पर्व पर दीपावली जैसा नजारा प्रस्तुत किया।

महिलाओं और बच्चों ने भी इस आयोजन में पूरे उत्साह से भाग लिया। वहीं दीप रंगोली भी आयोजन में आकर्षण का केंद्र रही। जहां महिलाओं ने रंगबिरंगी रंगोली सजाकर उन पर दीपमालिकाओं को सुशोभित किया। रंगोली के बीच दीपक की ज्योति ने पूरे माहौल को खुशनुमा बना दिया। एक साथ जल उठे हजारों दीप : अग्रवाल समाज के इस आयोजन में महिलाओं ने भी बढ़ चढ़कर भाग लिया। वहीं युवा वर्ग भी इस त्यौहारी आयोजन में पूरे श्रद्धाभाव से सराबोर नजर आया।

शाम ढलने के साथ शुरू हुए दीपोत्सव में जब हजारों की संख्या में दीपक जलाए गए तो पूरा परिसर क्षेत्र रोशनी से नहा गया। सभी तरफ से दीप ज्योति का प्रकाश वातावरण के आभा मंडल को चमका रहा था।

Banner Ad

दीपक से बनाई धार्मिक आकृतियां : आयोजन के दौरान उपस्थितों ने दीपमालिकाओं से धार्मिक आकृतियां बनाई। जो काफी मनमोहक लग रही थी। दीपकों से ओम, स्वास्तिक सहित अन्य धार्मिक आकृतियां बनाई गई थी। जो दीपकों के साथ रोशन हो रही थी। इस दौरान महिलाओं और बच्चों ने दीपमालिकाओं के साथ अपनी सेल्फी और ग्रुप फोटोग्राफी भी की।

Share this with Your friends :

Share on whatsapp
Share on facebook
Share on twitter