एआई से खेती को मिली नई उड़ान : जयपुर से लॉन्च हुआ भारत-VISTAAR, अब 155261 पर मिलेगा हर किसान को सीधा समाधान

जयपुर |  दिल्ली में एआई समिट की हलचल के बीच राजस्थान से देश के किसानों के लिए एक बड़ी डिजिटल क्रांति की शुरुआत हुई। केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने जयपुर में एआई आधारित भारत-VISTAAR (फेज-1) को लॉन्च किया, जो किसानों को एक ही प्लेटफॉर्म पर हर जरूरी कृषि जानकारी उपलब्ध कराएगा।

इस मौके पर राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा भी मौजूद रहे। कार्यक्रम के दौरान किसान-केंद्रित एआई हैकाथन और एग्री-कोष एआई स्ट्रेटजी रोडमैप का भी अनावरण किया गया।


155261 पर कॉल, तुरंत मिलेगा जवाब – अपनी भाषा में : केंद्रीय मंत्री ने बताया कि भारत-VISTAAR के तहत किसान सिर्फ 155261 नंबर पर कॉल कर अपनी समस्या बता सकते हैं और तुरंत समाधान प्राप्त कर सकते हैं। इस नंबर से देशभर की मंडियों के ताज़ा भाव भी मिलेंगे।

शुरुआत हिंदी और अंग्रेजी में हुई है, जिसे जल्द ही 11 भारतीय भाषाओं तक बढ़ाया जाएगा ताकि हर किसान अपनी भाषा में सवाल पूछ सके और जवाब पा सके।


डिजिटल किसान पहचान से जुड़ेगी पूरी कृषि व्यवस्था : भारत-VISTAAR के तहत किसान आईडी बनाई जा रही है, जिसमें किसानों की जमीन, फसल, बीमा, सॉइल हेल्थ कार्ड और योजनाओं का पूरा डेटा सुरक्षित रहेगा। अभी इसमें पीएम फसल बीमा योजना और सॉइल हेल्थ कार्ड जोड़े गए हैं, आगे सभी योजनाएं इससे लिंक की जाएंगी।


AI-भारती ने किसानों के सवालों के दिए लाइव जवाब : कार्यक्रम के दौरान AI-भारती ने किसानों के खेती, फसल, खाद, मौसम और रोगों से जुड़े सवालों के रीयल-टाइम समाधान देकर तकनीक की ताकत का प्रभावशाली प्रदर्शन किया।


राहुल गांधी पर तीखा हमला, MSP और खाद्य सुरक्षा का मुद्दा उठाया : शिवराज सिंह चौहान ने राहुल गांधी से पांच सवाल पूछते हुए यूपीए सरकार के कार्यकाल की कृषि नीतियों पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि स्वामीनाथन समिति की MSP सिफारिश को यूपीए ने क्यों ठुकराया और गरीबों को 20 रुपये किलो आटा क्यों खरीदना पड़ा, जबकि उसी समय सस्ता आटा निर्यात किया गया।

उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के राशन और MSP मॉडल को देश की खाद्य सुरक्षा का मजबूत आधार बताया।


‘विकसित किसान से ही बनेगा विकसित भारत’ – भजनलाल शर्मा : मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि 2047 का विकसित भारत तभी संभव है जब किसान सशक्त और तकनीक-सक्षम हों। भारत-VISTAAR किसानों को बीज, खाद, पानी, मौसम और बाजार की जानकारी देकर उन्हें आत्मनिर्भर बनाएगा।

Share this with Your friends :

Share on whatsapp
Share on facebook
Share on twitter