तीन विमान 629 भारतीयों को लेकर दिल्ली पहुंचे,10 फ्लाइट से अब तक 2056 लोगों को भारत लाई वायुसेना

नई दिल्ली : भारतीय वायु सेना (आईएएफ) के तीन विमान यूक्रेन के पड़ोसी देशों से 629 भारतीयों को लेकर शनिवार सुबह दिल्ली के हिंडन वायु सैनिक अड्डे पर पहुंचे। वायुसेना ने यह जानकारी दी।दरअसल, रूसी सेना के हमले के मद्देनजर यूक्रेन का हवाई क्षेत्र 24 फरवरी को ही बंद कर दिया गया था। इसके बाद यूक्रेन के पड़ोसी देश रोमानिया, हंगरी, स्लोवाकिया और पोलैंड से विशेष उड़ानों के जरिए फंसे हुए भारतीय नागरिकों को वापस लाया जा रहा है।

भारतीय वायु सेना ने एक बयान में कहा, ‘‘यूक्रेन में फंसे हुए भारतीयों को वापस लाने के लिए चलाए जा रहे अभियान ‘ऑपरेशन गंगा’ के तहत अब तक वायु सेना की 10 विशेष उड़ानों के जरिए 2,056 भारतीयों को स्वदेश लाया जा चुका है। इसके अलावा यूक्रेन के पड़ोसी देशों को 26 टन राहत सामग्री भी पहुंचाई गयी है।’’

बयान में कहा गया है कि भारतीयों को वापस लाने के लिए आईएएफ के तीन सी-17 मालवाहक विमान शुक्रवार को हिंडन वायु सैनिक अड्डे से रवाना हुए थे, जो 629 भारतीय नागरिकों को लेकर शनिवार की सुबह वापस लौटे। इसमें कहा गया है, ‘‘वायु सेना के ये विमान रोमानिया, स्लोवाकिया और पोलैंड से इन भारतीयों को लेकर लौटे हैं। इन विमानों के जरिये भारत की ओर से इन देशों को 16.5 टन राहत सामग्री भी पहुंचाई गयी।’’

Written & SOurce By : P.T.I

Share

Share on whatsapp
Share on facebook
Share on twitter
error: Content is protected !!