भोपाल से नई दिल्ली के लिए हवाई सेवा का हुआ शुभारंभ, नई विमान सेवाओं से प्रदेश में पर्यटन बढ़ने की संभावना

भोपाल : भोपाल से नई दिल्ली अतिरिक्त विमान सेवा प्रारंभ होने से प्रदेश में पर्यटन के विकास और नए निवेश को लाने में सहयोग मिलेगा। भोपाल और इंदौर से अंतर्राष्ट्रीय उड़ानों के प्रारंभ होने से प्रदेश लाभान्वित होगा। मुख्यमंत्री चौहान यह बात केन्द्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया द्वारा इंडिगो की फ्लाइट प्रारंभ किए जाने के अवसर पर वीडियो कांफ्रेंस के दौरान कही। यह फ्लाइट प्रारंभ करने के लिए मुख्यमंत्री ने आग्रह किया था। कार्यक्रम में केन्द्रीय इस्पात राज्य मंत्री फग्गन सिंह कुलस्‍ते उपस्थित थे।

मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि भोपाल के नागरिकों की बहुत वर्ष से मांग थी कि मध्यप्रदेश से दिल्ली की एयर कनेक्टिविटी में वृद्धि हो। इस सुविधा का लाभ केवल यात्रियों के आवागमन के लिए नहीं होगा। इसका लाभ उद्योगों को लगाने, नए इनवेस्टमेंट को आमंत्रित करने, बिजनेस और व्यापार तथा मध्यप्रदेश के पर्यटन को बढ़ाने में भी मिलेगा। प्रधानमंत्री मोदी ने आत्म-निर्भर भारत का मंत्र दिया है। मध्यप्रदेश सरकार ने प्रधानमंत्री के बताए हुए मार्ग पर चलते हुए गत वर्ष तय किया था कि आत्म-निर्भर मध्यप्रदेश के लिए चार प्रमुख आयाम होंगे। इनमें एक अधोसंरचना भी है। हर तरह के परिवहन को बढ़ावा देना भी इसमें शामिल है। इससे पयर्टन क्षेत्र को लाभ होगा और रोजगार के अवसर सृजित होंगे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि हम निरंतर प्रयास कर रहे हैं  कि भोपाल में आर्थिक गतिविधियां बढ़ें। इंदौर, ग्वालियर, जबलपुर में भी सभी तरह का कारोबार बढ़े। विंध्य क्षेत्र में अपार संभावनाएं हैं। सीधी, सिंगरौली या बुंदेलखण्ड अंचल के सागर को भी कनेक्टिविटी की दृष्टि से समृद्ध करेंगे, तो निश्चित तौर पर यहां भी निवेश को बढ़ावा मिलेगा। जबलपुर संभाग का कान्हा और शहडोल संभाग का बांधवगढ़ नेशनल पार्क, टाइगर रिजर्व है। कटनी,सतना और सिंगरौली औद्योगिक क्षेत्र हैं। जबलपुर संस्कारधानी होने से यहां से उड़ानें शुरू की गई हैं, जिससे पर्यटकों को सुविधा मिले और व्यापार को बढ़ाने में भी सहायता मिलेगी। भोपाल मध्यप्रदेश की राजधानी है। यहां अंतर्राष्ट्रीय उड़ानें प्रारंभ होना अत्यंत आवश्यक है। इंदौर से भी अंतर्राष्ट्रीय उड़ानें प्रारंभ होना चाहिए। भोपाल को अगर अंतर्राष्ट्रीय स्तर का दर्जा मिलेगा तो निश्चित रूप से अंतर्राष्ट्रीय कनेक्टिविटी का लाभ पूरे प्रदेश को प्राप्त होगा।

खजुराहो की अर्थ-व्यवस्था पर पड़ा है फर्क

मुख्यमंत्री ने कहा कि अंतर्राष्ट्रीय पर्यटक स्थल खजुराहो में कोरोना काल में अर्थ-व्यवस्था प्रभावित हुई है। हवाई सेवाएं बंद होने से पर्यटकों की संख्या में कमी आई। यह आवश्यक है कि अब पूर्वानुसार सभी फ्लाइट्स खजुराहो आएं जिससे स्थानीय व्यवसायियों को भी आर्थिक क्षति न हो। उड़ान योजना में मध्यप्रदेश को लाभ प्राप्त होगा। मुख्यमंत्री ने बताया कि खजुराहो के पास धमना जैसे छोटे स्थान पर रूरल होमस्टे संचालित हैं। यहां विदेशी पर्यटक आकर ठहरते हैं जो यहां के माटी शिल्पकारों के उत्पाद भी खरीदते हैं।

केन्द्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कहा कि आज का दिन मध्यप्रदेश के लिए महत्वपूर्ण है। झीलों की नगरी का विश्व में नाम है। भोपाल में इतिहास और भविष्य का समागम दिखाई देता है। सिंधिया ने कहा कि गत चार माह में नागर विमानन सुविधाएं बढ़ी हैं। जुलाई माह के पहले के करीब 554 एयर क्राफ्ट मूवमेंटस अब बढ़कर 870 हो गए हैं। यह वृद्धि 60 प्रतिशत है। पहले 27 शहर हवाई सेवाओं से जुड़े थे, आज मध्यप्रदेश के 22 शहर बढ़कर उनकी संख्या 49 हो गई है। यह वृद्धि 82 प्रतिशत है। आज इंदौर से प्रयागराज, सूरत और जोधपुर से भी नई सेवाओं को प्रारंभ किया गया है।  एक दिन में मध्यप्रदेश को चार राज्य से जोड़ दिया गया है। हवाई आवागमन का जाल बिछाने का कार्य निरंतर चलेगा। मध्यप्रदेश के भीतर भी नगरों को परस्पर हवाई सेवाओं से जोड़ने के प्रयास होंगे। छोटे एयर क्राफ्ट भी चलाए जाएंगे, जिससे प्रदेश के वाइल्ड लाइफ से जुड़ी लोकेशंस को जोड़ा जाएगा।

Share this with Your friends :

Share on whatsapp
Share on facebook
Share on twitter