जश्न के साथ जनसेवा की मिसाल : पार्षद अक्कू दुबे की पहल ने जीता सबका दिल, डॉ. नरोत्तम मिश्रा के जन्मदिन पर जरूरतमंद बेटी के विवाह में भेंट किए दर्जनभर उपहार

दतिया : वार्ड 14 में इस वर्ष भी सामाजिक सरोकार और उत्सव का अनोखा संगम देखने को मिला। हर साल की तरह इस बार भी भाजपा पार्षद अक्कू दुबे द्वारा कन्या विवाह से जुड़ा आयोजन किया गया, जिसे पूर्व गृहमंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा के जन्मदिन के अवसर पर विशेष रूप दिया गया। जन्मदिन समारोह पूरे उत्साह और धूमधाम के साथ मनाया गया, लेकिन इसकी सबसे बड़ी खासियत जनसेवा से जुड़ी भावना रही।

कार्यक्रम में केक कटिंग, आतिशबाजी और शुभकामनाओं के बीच पूरे वार्ड में उत्सव जैसा माहौल नजर आया। बड़ी संख्या में वार्डवासी, पार्टी कार्यकर्ता और स्थानीय नागरिक इस आयोजन में शामिल हुए। हर कोई इस खुशी के माहौल का हिस्सा बना, कार्यक्रम की असली पहचान तब बनी जब इस जश्न को एक जरूरतमंद परिवार की मदद से जोड़ा गया।

दरअसल, पार्षद अक्कू दुबे ने अपने चुनाव के समय ही यह संकल्प लिया था कि वे हर वर्ष अपने वार्ड की जरूरतमंद बेटियों के विवाह में सहयोग करेंगे। खास बात यह है कि उन्होंने अपने इस वादे को लगातार निभाया है। इसी क्रम में इस वर्ष भी उन्होंने डॉ. नरोत्तम मिश्रा के जन्मदिन के शुभ अवसर पर इस सामाजिक आयोजन को आगे बढ़ाया।

जन्मदिन बना एक परिवार की खुशियों का आधार : इस अवसर पर पार्षद अक्कू दुबे ने वार्ड निवासी धीरज सेन की पुत्री राधिका के विवाह के लिए आवश्यक घरेलू सामग्री भेंट की। मुख्य अतिथि डॉ. नरोत्तम मिश्रा की उपस्थिति में डबल बेड, सोफा सेट, अलमारी, फ्रिज, कूलर, गद्दा, श्रृंगार दानी और मिक्सी जैसे उपयोगी सामान प्रदान किए गए।

इस पहल ने न केवल एक परिवार की आर्थिक चिंता को कम किया, बल्कि यह संदेश भी दिया कि खुशी के अवसरों को समाज के साथ बांटने से उनकी अहमियत और बढ़ जाती है।

जनसेवा की पहचान बन चुके हैं अक्कू दुबे : वार्ड 14 में अक्कू दुबे का नाम अब एक संवेदनशील और सक्रिय जनप्रतिनिधि के रूप में जाना जाता है। वे केवल विकास कार्यों तक सीमित नहीं रहते, बल्कि समाज के हर वर्ग के लिए मदद का हाथ बढ़ाते हैं। सामूहिक कन्या विवाह जैसे आयोजनों के माध्यम से वे वर्षों से जरूरतमंद परिवारों की सहायता कर रहे हैं और एक भाई की तरह अपनी जिम्मेदारी निभा रहे हैं।

उनकी कार्यशैली की  खासियत यह है कि वे हर समस्या को गंभीरता से लेते हैं और उसका समाधान निकालने के लिए खुद आगे आते हैं। यही कारण है कि उनकी पहल केवल कार्यक्रम बनकर नहीं रह जातीं, बल्कि समाज में सकारात्मक बदलाव का माध्यम बनती हैं।

डॉ. मिश्रा ने की सराहना : कार्यक्रम में मौजूद डॉ. नरोत्तम मिश्रा ने अक्कू दुबे के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार की पहल समाज में सहयोग और संवेदनशीलता को मजबूत करती हैं। उन्होंने अन्य लोगों से भी आगे आकर ऐसे सामाजिक कार्यों में भागीदारी निभाने की अपील की।

Share

Share on whatsapp
Share on facebook
Share on twitter