दतिया में 13 साल की किशोरी से दुष्कर्म का आरोप : खेत से लौटते समय मामा ने की जबरदस्ती, FIR दर्ज

दतिया | बड़ौनी थाना क्षेत्र के एक गांव में 13 वर्षीय किशोरी के साथ कथित दुष्कर्म का मामला सामने आया है। किशोरी ने अपने रिश्ते के मामा पर रास्ते में रोककर जबरन गन्ने के खेत में ले जाने और वहां उसके साथ गलत काम करने का आरोप लगाया है। शिकायत के बाद पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस को दी गई जानकारी के मुताबिक, किशोरी कुछ दिन पहले अपनी मां के साथ ननिहाल आई थी। 12 अगस्त की सुबह वह मां के साथ खेत पर गई थी। मौसम गर्म होने के कारण किशोरी वहां से घर की ओर अकेले लौट रही थी। इसी दौरान रास्ते में कथित तौर पर आरोपी उसके पास पहुंचा।

किशोरी का आरोप है कि आरोपी उसे जबरन पास के गन्ने के खेत में ले गया। विरोध करने पर उसने डराया-धमकाया और किसी को घटना बताने पर जान से मारने की धमकी दी। आरोप है कि इसी डर के कारण किशोरी ने तत्काल परिवार के किसी सदस्य को घटना की जानकारी नहीं दी।

पिता के आने पर बताई घटना : किशोरी के पिता जब उसे लेने पहुंचे, तब उसने हिम्मत जुटाकर उन्हें पूरी घटना बताई। इसके बाद परिजन उसे लेकर पुलिस थाने पहुंचे और शिकायत दर्ज कराई।

पुलिस ने शुरू की जांच : बड़ौनी थाना पुलिस ने शिकायत के आधार पर आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में प्रकरण दर्ज किया है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और आरोपी की तलाश की जा रही है। किशोरी से जुड़े मामले में पुलिस साक्ष्यों और शिकायत में बताए गए घटनाक्रम के आधार पर आगे की कार्रवाई कर रही है।

Share

Share on whatsapp
Share on facebook
Share on twitter