दतिया । बड़ौनी थाना परिसर में थाना प्रभारी रविंद्र शर्मा द्वारा जनता और पुलिस के बीच सीधे संवाद का आयोजन किया गया । इस संवाद में मुख्य अतिथि के रूप में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमल सिंह मौर्य तथा विशिष्ट अतिथि के रूप में अनुविभागीय अधिकारी पुलिस बडौनी उपेंद्र दीक्षित मौजूद रहे। संवाद में थाना बड़ौनी क्षेत्र के सभी गांव के गणमान्य नागरिक, युवा तथा व्यापारी वर्ग ने हिस्सा लिया।
जनसंवाद में एएसपी मौर्य ने सभी से कोविड-19 के नियमों का पालन कर दो गज की दूरी व मास्क का उपयोग करने की सलाह दी। वहीं एसडीओपी बडोनी उपेंद्र दीक्षित ने कहाकि पुलिस में एफआईआर दर्ज कराते समय इस बात का ध्यान रखें कि वास्तविक घटनाक्रम के अलावा और कोई बढ़ा चढ़ाकर तथ्य न लिखाए जाएं। ताकि छानबीन में पुलिस को आसानी रहे। इसके साथ ही अनावश्यक किसी के बारे में अपशब्द ना कहें, सद्भाव से मिल जुलकर रहने से समाज का वातावरण खुशनुमा रहता है। घरेलू समस्याओं को भी बढ़ा चढ़ाकर प्रस्तुत ना करें ।
बडोनी थाना प्रभारी रविन्द्र शर्मा ने क्षेत्र के सभी लोगों को अपराधों की सूचना समय पर देने की बात कहते हुए अपराध घटित होने से रोकने में पुलिस को सहयोग करने के लिए धन्यवाद ज्ञापित भी किया। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश के बाद जिले भर के थानों में जनसंवाद किया जा रहा है। इस दौरान पुलिस, जनता से सीधा संवाद स्थापित कर अपराधों को रोकने के लिए सहयोग व सुझाव मांग रही है। यह कदम जहां जनता और पुलिस के बीच अच्छा तालमेल स्थापित कर रहा है, वहीं अपराधियों तथा अपराध की सूचना समय रहते पुलिस तक पहुंचने में मदद करेगा । साथ ही जनता और पुलिस के बीच में एक सेतु स्थापित होगा । जिसका फायदा आने वाले समय में जिले की जनता और पुलिस दोनों को ही मिलेगा।

