अमरनाथ यात्रा में फंसे यात्रियों के लिए राज्य सरकार ने जारी किया हेल्पलाइन नम्बर,CM ने की कुशलता की कामना

अमरनाथ : राज्य शासन ने अमरनाथ यात्रा में बादल फटने के कारण फँसे प्रदेश के नागरिकों के संबंध में सूचना प्राप्त करने और उनकी मदद के लिए हेल्प लाइन नम्बर जारी किया है। प्रदेश के शहरों से जानकारी एवं मदद के लिए हेल्पलाइन नम्बर 181 और प्रदेश के बाहर से जानकारी के लिए हेल्पलाइन नम्बर 0755-2555582 पर संपर्क किया जा सकता है।

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने पवित्र अमरनाथ गुफा में फंसे श्रद्धालुओं की कुशलता की कामना की है। मुख्यमंत्री  ने अमरनाथ गुफा के पास आज शाम अचानक आई बाढ़ में श्रद्धालुओं की असामयिक मृत्यु पर दु:ख व्यक्त किया है। अद्यतन जानकारी के अनुसार प्रभावित क्षेत्र में आपदा दल राहत और बचाव कार्यों में सक्रिय हैं।

आईटीबीपी (इंडो तिब्बत बार्डर पुलिस) का दल भी कार्य कर रहा है। क्षेत्र में जहाँ लंगर संचालित हो रहे थे वहाँ सैलाब की चपेट में आने से कुछ तीर्थ-यात्रियों की असामयिक मृत्यु हो गई है। सैकड़ों श्रद्धालु अभी फंसे हुए हैं। मुख्यमंत्री ने दिवंगत आत्माओं की शांति और उनके परिजन को यह गहन दु:ख सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की है।

Share this with Your friends :

Share on whatsapp
Share on facebook
Share on twitter