वाशिंगटन, एएनआइ : चीन के परमाणु हथियारों के निर्माण पर अमेरिका ने चिंता जताई है। अमेरिकी विदेश विभाग ने कहा कि पीआरसी (चीन) परमाणु शक्ति के मामले में पहले की अपेक्षा अधिक तेजी से बढ़ा है। इसका गलत इस्तेमाल शांति के लिए खतरा पैदा कर सकता है। चीन ने हाल ही में सौ से अधिक नई मिसाइलों को तैयार कर बड़ी चुनौती खड़ी कर दी है।
चीन सरकार के 100 से अधिक परमाणु मिसाइल साइलो बनाए जाने पर विदेश विभाग के प्रवक्ता नेड प्राइस ने कहा कि पीआरसी (चीन) की परमाणु शक्ति पहले की अपेक्षा अधिक तेजी से बढ़ी है। चीन के परमाणु निर्माण हथियारों पर नियंत्रण करने के लिए प्राइस ने दुनिया के सभी देशों को आगे आने का आग्रह किया।
100 नए साइलो का निर्माण चीनी नौसेना अत्याधुनिक हथियारों से लैस है। चीन इतना ताकतवर हो चुका है कि वह अमेरिका को भी चुनौती दे सकता है। इस बात का अमेरिका को भी भान है। अमेरिका लगातार चीन की गतिविधियों पर नजर बनाए हुए है। ड्रैगन इन दिनों तेजी से अपनी मिसाइल क्षमता को बढ़ाने में जुटा हुआ है।
हाल की सैटेलाइट तस्वीरों से पता चलता है कि चीन उत्तर-पश्चिम शहर युमेन के पास एक रेगिस्तान में इंटरकांटिनेंटल बैलिस्टिक मिसाइलों के लिए 100 से अधिक नए साइलों को तैयार कर रहा है। साइलो एक तरह का स्टोरेज कंटेनर होता है, जिसमें लंबी दूरी की मिसाइलों को रखा जाता है।


