हैरतअंगेज अखाड़ों के बीच मातमी धुन के साथ शहर में निकले ताजिए व बुर्राकें, करबला में किए गए विसर्जित

Datia News : दतिया । मोहर्रम पर ताजिए व बुर्राकें शहर में निकाली गई। मंगलवार अलसुबह ताजिए और बुर्राक गश्त पर निकले। इसके बाद शाम को मातमी धुनों के साथ जुलूस निकाला गया। ताजियों को लाला के ताल करबला में दफन किया गया। बुर्राकें सीतासागर तालाब पर पहुंचीं। परंपरानुसार किला परिसर में अखाड़े का आयोजन हुआ।

किला चाैक पर ताजिए व बुर्राकें लाई गई। जहां से जुलूस रवाना हुआ। अंचल के सेवढ़ा, भांडेर, इंदरगढ़ सहित ग्रामीण क्षेत्रों में भी मोहर्रम पर्व शांति के साथ मनाया गया। इधर शहर में मंगलवार सुबह 5 बजे से सभी ताजिए व बुर्राकें एक साथ शहर की सड़कों पर गश्त पर निकले। गश्त जुलूस किला चौक, तलैया मोहल्ला, भटियारा मोहल्ला, टाउनहाल, तिगैलिया होते हुए बिहारी जी मार्ग तक पहुंचा। यहां से सभी ताजिया व बुर्राकें अपने अपने स्थानों पर रवाना हो गई।

शाम 5 बजे से सभी ताजिया व बुर्राकें पारंपरिक रूप से किला परिसर में एकत्रित हुईं। अखाड़ों के प्रदर्शन के बाद मातमी धुनों के साथ जुलूस प्रारंभ हुआ। जिसके बाद ताजिए करबला के लिए रवाना हुए। जुलूस के दौरान मुस्लिम समाज के लोगों ने जगह जगह जर्दा व खिचड़ा के साथ शरबत का वितरण किया।

विधायक घनश्याम सिंह ने ताजियों को दिया कंधा : सेवढ़ा में मुस्लिम समुदाय का मातमी त्यौहार मोहर्रम पर्व मनाया गया। परंपरा अनुसार सेवढ़ा किले में एकत्र नगर के सभी ताजियों का दतिया राज परिवार के संरक्षक महाराज घनश्याम सिंह विधायक सेवढ़ा ने पूजन किया तथा मुख्य ताजिया को कंधा देकर करबला के लिए रवाना किया। ताजियों का जुलूस सेवढ़ा किले से मुख्य बाजार होते हुए करबला पहुंचा। रास्ते में तजियादारों के अखाड़ों ने हैरतंगेज करतब दिखाए।

नगर में मातमी धुनों के साथ निकले ताजियों का करबला में विसर्जन हुआ। हनुमान चौराहा पर कमेटी द्वारा लंगर बांटा गया। इस दौरान अध्यक्ष ईदगाह कमेटी मुकीम खान, रसीद बेग, सलीम खान, इमरान खान, रहीश खान, पप्पू खान, राहुल ठाकुर, राहिम मलिक, सलीम बेग, फिरोज खान सहित तमाम मुस्लिम समुदाय के लोग मौजूद रहे।

Share

Share on whatsapp
Share on facebook
Share on twitter