नई दिल्ली | केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह शनिवार, 8 अगस्त को मुंबई दौरे पर रहेंगे। इस दौरान वे नेशनल अर्बन को-ऑपरेटिव फाइनेंस एंड डेवलपमेंट कॉरपोरेशन लिमिटेड (NUCFDC) के नए कार्यालय का उद्घाटन करेंगे। इसके साथ ही ‘सहकार नव-क्रांति’ कार्यक्रम में शहरी सहकारी बैंकिंग क्षेत्र को आधुनिक और तकनीकी रूप से मजबूत बनाने वाली कई नई पहल का शुभारंभ भी किया जाएगा।
शहरी सहकारी बैंकों को मिलेगी नई डिजिटल पहचान : मुंबई के बीएसई इंटरनेशनल कन्वेंशन सेंटर में आयोजित कार्यक्रम में अमित शाह शहरी सहकारी बैंकों के लिए सिक्योरिटी ऑपरेशन सेंटर (SOC) और राष्ट्रव्यापी कोर बैंकिंग सर्विस (CBS) आधारित साझा डिजिटल बैंकिंग सेवाओं की शुरुआत करेंगे। इन सेवाओं का उद्देश्य देशभर के सहकारी बैंकों को सुरक्षित, आधुनिक और एकीकृत बैंकिंग प्लेटफॉर्म उपलब्ध कराना है, जिससे ग्राहकों को बेहतर और तेज सेवाएं मिल सकें।
साइबर सुरक्षा को मजबूत करने के लिए होगा समझौता : कार्यक्रम के दौरान NUCFDC और राष्ट्रीय फोरेंसिक विज्ञान विश्वविद्यालय (NFSU) के बीच एक महत्वपूर्ण समझौता ज्ञापन (MoU) का आदान-प्रदान भी होगा। इस साझेदारी के जरिए शहरी सहकारी बैंकों में साइबर सुरक्षा, तकनीकी क्षमता और संस्थागत दक्षता को मजबूत करने की दिशा में काम किया जाएगा।
पहले छह बैंकों का होगा सम्मान : कार्यक्रम में ‘सहकार CBS’ प्लेटफॉर्म से सफलतापूर्वक जुड़ने वाले देश के पहले छह शहरी सहकारी बैंकों के प्रतिनिधियों को सम्मानित भी किया जाएगा। इसके अलावा भारतीय रिजर्व बैंक के पूर्व उप महाप्रबंधक जी.पी. मिस्त्री द्वारा लिखित पुस्तक ‘Operational Risk Management – A Practical Guide to Urban Co-operative Banks’ का लोकार्पण भी अमित शाह करेंगे।
छोटे सहकारी बैंकों को मिलेगा बड़ा सहारा : सरकार के अनुसार NUCFDC की स्थापना मार्च 2024 में शहरी सहकारी बैंकों के लिए एक अम्ब्रेला संगठन के रूप में की गई थी। इसका उद्देश्य छोटे और मध्यम सहकारी बैंकों को साझा तकनीकी प्लेटफॉर्म, कोर बैंकिंग सेवाएं, साइबर सुरक्षा समाधान, प्रशिक्षण और परिचालन सहयोग उपलब्ध कराना है। इससे आधुनिक बैंकिंग तकनीक अपनाने की लागत कम होगी और सहकारी बैंक निजी व वाणिज्यिक बैंकों के साथ अधिक प्रभावी ढंग से प्रतिस्पर्धा कर सकेंगे।

