जामनगर। केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने मंगलवार को गुजरात के जामनगर में जामनगर डिस्ट्रिक्ट को-ऑपरेटिव बैंक के नवनिर्मित मुख्यालय ‘सहकार भवन’ का वर्चुअल माध्यम से लोकार्पण किया। करीब 25 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित यह अत्याधुनिक भवन जामनगर और देवभूमि द्वारका जिलों के किसानों, सेवा सहकारी मंडलियों और दुग्ध सहकारी संस्थाओं की वित्तीय एवं संस्थागत जरूरतों को पूरा करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
आधुनिकीकरण से मजबूत होगी सहकारिता व्यवस्था : कार्यक्रम को संबोधित करते हुए अमित शाह ने जामनगर डिस्ट्रिक्ट को-ऑपरेटिव बैंक के चेयरमैन, निदेशकों, सेवा सहकारी मंडलियों के पदाधिकारियों और किसानों को नए मुख्यालय के लिए बधाई दी। उन्होंने कहा कि सहकारिता व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए उसका आधुनिकीकरण जरूरी है और इसकी शुरुआत सहकारी संस्थाओं के मुख्यालय तथा उनकी कार्यप्रणाली को आधुनिक बनाने से होती है।
उन्होंने कहा कि जामनगर डिस्ट्रिक्ट को-ऑपरेटिव बैंक का नया मुख्यालय भारतीय रिजर्व बैंक और नाबार्ड के मानकों के अनुरूप आधुनिक तकनीक से तैयार किया गया है। यह भवन जामनगर और देवभूमि द्वारका के किसानों, सेवा सहकारी मंडलियों और अन्य सहकारी संस्थाओं को बेहतर, सुरक्षित और आधुनिक बैंकिंग सेवाएं उपलब्ध कराने में मददगार साबित होगा।
1969 में ढाई लाख से शुरू हुआ बैंक, आज 215 करोड़ से अधिक का कारोबार : अमित शाह ने कहा कि वर्ष 1969 में महज ढाई लाख रुपये की पूंजी से शुरू हुआ जामनगर डिस्ट्रिक्ट को-ऑपरेटिव बैंक आज 215 करोड़ रुपये से अधिक का कारोबार कर रहा है। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में सेवा सहकारी मंडलियों और दुग्ध मंडलियों के कार्यक्षेत्र के विस्तार के साथ बैंक सहकारी क्षेत्र की आर्थिक जरूरतों को पूरा करने वाली महत्वपूर्ण संस्था के रूप में अपनी भूमिका और मजबूत करेगा।
25 करोड़ की लागत से बना अत्याधुनिक ‘सहकार भवन’ : करीब 25 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित ‘सहकार भवन’ 25 हजार वर्गफुट भूमि पर बनाया गया है, जबकि इसमें करीब 47 हजार वर्गफुट का कार्यक्षेत्र उपलब्ध है। भवन को अगले 15 वर्षों तक बैंक की संभावित जरूरतों को ध्यान में रखते हुए तैयार किया गया है। इसमें प्रशिक्षण केंद्र, किसान छात्रावास, आधुनिक कॉन्फ्रेंस रूम, सम्मेलन कक्ष, सुरक्षित लॉकर सुविधा और भोजन सहित कई अत्याधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं।
भवन में 200 किलोवाट क्षमता का सौर ऊर्जा संयंत्र भी स्थापित किया गया है। इसके जरिए भवन को ग्रीन बिल्डिंग के रूप में विकसित करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की गई है। अमित शाह ने कहा कि यह भवन जामनगर और देवभूमि द्वारका के किसानों के लिए एक महत्वपूर्ण केंद्र के रूप में काम करेगा।
135 करोड़ की जमा, 780 करोड़ का ऋण और शून्य एनपीए : केंद्रीय मंत्री ने बैंक की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए कहा कि बैंक के पास करीब 135 करोड़ रुपये की कुल जमा राशि है और बैंक द्वारा 780 करोड़ रुपये का ऋण वितरित किया जा चुका है। बैंक ने 24 करोड़ रुपये का लाभ अर्जित किया है, जबकि उसका सकल एनपीए शून्य है। उन्होंने इसे बैंक के कुशल प्रबंधन और सहकारी मूल्यों के प्रति उसकी प्रतिबद्धता का प्रमाण बताया।
40 शाखाओं और 431 सेवा सहकारी मंडलियों से जुड़ा बैंक : अमित शाह ने कहा कि 40 शाखाओं के माध्यम से संचालित यह बैंक नए मुख्यालय के जरिए आने वाले समय में जामनगर जिले के गांव-गांव तक अपनी पहुंच को और मजबूत करेगा। बैंक से 431 सेवा सहकारी मंडलियां, छह दुग्ध संघ और 652 दुग्ध उत्पादक मंडलियां जुड़ी हैं। बैंक करीब डेढ़ लाख से अधिक सहकारी सदस्यों को अपनी सेवाएं प्रदान कर रहा है।
सहकारिता आंदोलन को नई ऊर्जा देने का काम कर रही सरकार : केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार ने अलग सहकारिता मंत्रालय की स्थापना कर देश के सहकारी आंदोलन को नई ऊर्जा और गति देने का काम किया है। उन्होंने कहा कि दो लाख से अधिक नई प्राथमिक कृषि ऋण समितियों (पैक्स) और दुग्ध सहकारी समितियों की स्थापना, पैक्स में 20 से अधिक नए व्यवसाय जोड़ने, सहकारी संस्थाओं की ऑडिट व्यवस्था को ऑनलाइन करने और विभिन्न सहकारी संस्थाओं को आपस में जोड़ने जैसी पहलें आने वाले समय में किसानों और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगी।
जामनगर दौरे के दौरान बैंक का निरीक्षण करेंगे अमित शाह : अमित शाह ने कहा कि भविष्य में जामनगर यात्रा के दौरान वह जामनगर डिस्ट्रिक्ट को-ऑपरेटिव बैंक के नए मुख्यालय का दौरा करेंगे। उन्होंने यह भी कहा कि इस दौरान जिले की सेवा सहकारी मंडलियों और दुग्ध मंडलियों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक कर सहकारी क्षेत्र के विस्तार और किसानों की समृद्धि से जुड़े विषयों पर विस्तृत चर्चा की जाएगी।
उन्होंने विश्वास जताया कि जामनगर डिस्ट्रिक्ट को-ऑपरेटिव बैंक आने वाले दिनों में और मजबूत होगा तथा गांव-गांव तक किसानों, नागरिकों और सहकारी संस्थाओं को बेहतर सेवाएं उपलब्ध कराएगा।

