दतिया। सेवढ़ा नगर में बुधवार शाम ट्रैक्टर की टक्कर से हुई 12वीं की छात्रा ईशु गुप्ता एवं महिला सगुन की मौत की घटना के बाद शहर के लोगों में शोक में दिखाई दिए। इस घटना को लेकर नगर के लोगों ने एक ज्ञापन तहसीलदार साहिर खान को तहसील पहुंचकर सौंपा। कलेक्टर एवं एसडीएम के नाम सौंपे गए ज्ञापन में ट्रैक्टर सहित लोडिंग व अन्य वाहनों को सुबह 7 बजे से रात 10 बजे तक बाजार की बजाए बाईपास से निकाले जाने की मांग की गई।
ज्ञापन में उल्लेख है कि भारी वाहनों के चालकों के लाइसेंस की जांच के साथ ही नशे की हालत में तेज गति से वाहन चलाने वालों के खिलाफ अभियान चलाकर उन्हें दंडित किया जाए। सुबह सैर पर जाने वाले लोगों को ऐसे वाहनों से हमेशा खतरा रहता है। उनको पूरी तरह से बंद किया जाए। अवैध खनन व परिवहन पर कार्रवाई करने, बाईपास के दोनों सिरों पर तीनों तरफ स्पीड ब्रेकर बनाने, इसके अलावा नगर में अन्य स्थानों पर स्पीड ब्रेकर बनाए जाने, घटना के दोषियों पर कड़ी कार्रवाई के साथ भविष्य में बड़े वाहनों को नगर के अंदर जाने से रोकने के लिए बाजार के दोनों ओर पोल लगवाने, पार्किंग पॉइंट बनाने, सवारी एवं स्कूल वाहनों पर क्षमता से अधिक सवारी ले जाने पर कार्रवाई करने सहित बाजार में नाली कवर्ड कर फुटपाथ से अतिक्रमण हटाने की मांग नगरवासियों ने तहसीलदार की। ज्ञापन सौंपने वालों में दीपक यादव, अनिल शर्मा, अनिल पुजारी, विशाल गुप्ता, नरेश साहू, रंजीत बघेल, कमल किशोर, महेश बघेल, रवि राजपूत सहित काफी संख्या में अन्य लोग शामिल रहे।
पुलिस ने घूमकर रास्ता कराया खाली
नगर के बाजार में ट्रैक्टर की टक्कर से हुई छात्रा और महिला की मौत की घटना के बाद स्थानीय प्रशासन और पुलिस सतर्क हुई। गुरूवार को पुलिस ने बाजार में घूमकर दुकानदारों को समझाइश दी कि वह फुटपाथ पर सामान न रखें और वाहनों को भी दुकानों के सामने न खड़ा होने दें, ताकि रास्ते पर आवागमन सुविधाजनक रह सके। पुलिस ने 3 घंटे की मशक्कत कर रास्ता भी खाली कराया।
गौरतलब है कि बुधवार शाम 12वीं की छात्रा ईशु गुप्ता एवं महिला सगुन की ट्रैक्टर की टक्कर से मौत हो गई थी। जबकि 3 अन्य लोग शंकर, छात्रा नजमा और चालक मनीष परिहार घायल हो गए थे। जिनमें घायल शंकर अभी भी कोमा में है। घटना के संबंध में मृत छात्रा के चाचा राजेंद्र गुप्ता ने पुलिस में रिपोर्ट दर्ज कराई है।

