गोली लगने से घायल हुए वृद्ध की मौत : इधर तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने सेल्समेन को रौंद डाला

Datia news : दतिया। गत 14 मार्च को गोली लगने से घायल हुए बाबूलाल कुशवाहा की इलाज के दौरान मौत हो गई। ग्राम मुरेरा में मृतक बाबूलाल कुशवाहा के भतीजे महेंद्र ने अपने साले के साथ मिलकर उसे आपसी कहासुनी के दौरान गोली मार दी थी। इस घटना को लेकर सिनावल पुलिस ने मामला भी दर्ज किया था।

पुलिस के मुताबिक रंजिश के चलते आरोपितों ने बाबूलाल की मारपीट कर फायरिंग की थी। जिसकी गोली उसके पेट में लगी थी। बीच बचाव कराने आए मृतक के बेटे ओमप्रकाश की भी आरोपितों ने मारपीट कर दी थी।

जिसमें वह घायल हो गया था। बाबूलाल को दतिया से इलाज के लिए ग्वालियर रेफर किया गया था। जहां उपचार के दौरान बाबूलाल की मौत हो गई। घटना के बाद से आरोपित फरार हैं। पुलिस आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए संबंधित ठिकानों पर दबिश दे रही है।

इधर हिनोतिया पंचायत के सेल्समेन की अज्ञात वाहन की टक्कर से मौत हो गई। वह पैदल जा रहा था तभी यह हादसा घटित हुआ। घटना थाना सिनावल क्षेत्र में हिनोतिया-चिरोल रोड की है।

पुलिस ने मामला दर्ज कर अज्ञात वाहन चालक की तलाश शुरु कर दी है। इधर गांव में इस घटना से शोक का माहौल है।

जानकारी के अनुसार ग्राम चिरोल निवासी शैलेंद्र उर्फ बोबी यादव बुधवार को अपने घर से खेत की ओर पैदल जा रहा था। इसी दौरान किसी अज्ञात वाहन ने उसे टक्कर मार दी। जिससे वह गंभीर रुप से घायल हो गया।

घटना के बाद वाहन भाग निकला। इस बीच लोगों ने घायल पड़े शैलेंद्र को जिला अस्पताल पहुंचाया। जहां डाक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक शैलेंद्र हिनोतिया ग्राम पंचायत में सेल्समेन का कार्य भी करता था। घटना की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और मामला दर्ज किया गया।

Share

Share on whatsapp
Share on facebook
Share on twitter
error: Content is protected !!