शाहरुख खान के आवास मन्नत और अनन्या पांडे के घर जांच के लिए पहुंचे एनसीबी अधिकारी

मुंबई :  मुंबई तट के पास एक क्रूज नौका से मादक पदार्थ जब्त होने के मामले की जांच के सिलसिले में एनसीबी के अधिकारी गुरुवार को बॉलीवुड स्टार शाहरुख खान के घर मन्नत पहुंचे।

एनसीबी ने गत तीन अक्टूबर को मुंबई से गोवा जा रही एक क्रूज नौका पर छापेमारी के बाद शाहरुख के बेटे आर्यन खान और कुछ अन्य लोगों को गिरफ्तार किया था। एजेंसी ने क्रूज से मादक पदार्थ जब्त करने का दावा किया था।

वरिष्ठ अधिकारियों के नेतृत्व में एनसीबी का एक दल कागजी कार्रवाई के लिए दोपहर को शाहरुख के उपनगर बांद्रा स्थित आवास ‘मन्नत’ पहुंचा। जहां आर्यन केस से जुड़े कागजात और इलेक्ट्रानिक डिवाइस को लेकर खोजबीन की गई।

इस दौरान एनसीबी के एक अधिकारी ने बताया कि एनसीबी का एक अन्य दल चांकी पांडे का बेटी अभिनेत्री अनन्या पांडे के बांद्रा स्थित घर पर भी पहुंचा है।

वहीं अनन्या से गुरुवार को एनसीबी के समक्ष पेश होने और बयान दर्ज कराने को भी कहा गया। इससे पहले, शाहरुख खान ने सुबह आर्थर रोड जेल में बंद आर्यन खान से मुलाकात की थी।

महानगर स्थित एक विशेष अदालत ने आर्यन खान को जमानत देने से बुधवार को इंकार कर दिया था और कहा था कि प्रथम दृष्टया प्रतीत होता है कि वह मादक पदार्थ संबंधी गतिविधियों में नियमित तौर पर शामिल थे।

अदालत ने कहा था कि व्हाट्सऐप चैट से भी प्रथम दृष्टया प्रतीत होता है कि वह मादक पदार्थ तस्करों के संपर्क में थे। आर्यन खान ने अब निचली अदालत के आदेश के खिलाफ मुंबई उच्च न्यायालय का रुख किया है, जो 26 अक्टूबर को उनकी याचिका पर सुनवाई करेगा।

Share

Share on whatsapp
Share on facebook
Share on twitter
error: Content is protected !!