पत्नी के मायके जाने से नाराज युवक ने लगा ली फांसी : परिजन बोले कुछ दिन पहले हुआ था विवाद

Datia news दतिया। परिवार के कलह से तंग आकर युवक ने जान दे दी। पति-पत्नी के बीच हुए विवाद के कारण यह स्थिति पैदा हुई। जिसके बाद युवक ने आत्मघाती कदम उठा लिया और फांसी के फंदे पर झूल गया।  पत्नी के मायके जाने से नाराज युवक ने अपने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना

भांडेर थाना क्षेत्र के ठकुरास मोहल्ले की है। रविवार सुबह युवक का शव घर की छत के कुंदे से झूलता देख मां ने शोर शराबा मचाया। जिसके बाद मौके पर आसपास के लोग एकत्र हो गए।

घटना के बारे में पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव कब्जे में लेकर उसे पीएम के लिए भिजवाया। घटना को लेकर स्वजन से पूछताछ भी की गई। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामला जांच में लिया है।

जानकारी के अनुसार भांडेर के ठकुरास मोहल्ला निवासी कमल किशोर वीडियोग्राफी का काम करता था। कुछ दिन से वह अपनी मां के साथ रह रहा था।

घटना के बारे में मृतक के स्वजन ने पुलिस को बताया कि कमलकिशोर का अपनी पत्नी से विवाद हो गया था। करीब 15 दिन पहले विवाद के बाद पत्नी दोनों बच्चों को लेकर मायके चली गई थी। तभी से वह तनाव में था।

मृतक के बड़े भाई खेमचंद्र वर्मा का कहना था कि कमल किशोर स्वयं के मकान में मां के साथ रहता था। रविवार सुबह जब वह अपनी मां से मिलने गए तब उन्हें घटना के बारे में जानकारी मिली। फिलहाल पुलिस ने मर्ग कायम कर आत्महत्या के कारणों की जांच शुरु कर दी है।

Share this with Your friends :

Share on whatsapp
Share on facebook
Share on twitter