घर के बाहर बाइक रखी देख गुस्साए पडौसी ने चलाई गोलियां, युवक की मौत, महिला गंभीर रूप से घायल, शादी का माहौल शोक में बदला

दतिया।  घर के सामने बाइक खड़ी करने के मामूली विवाद में पडौसी ने गोली मारकर एक युवक की हत्या कर दी। वहीं इस घटना में एक महिला भी गंभीर रूप से घायल हो गई। जिस समय यह घटना घटी मृतक के भतीजे की शादी की तैयारियां चल रही थी। इस घटना के बाद शादी के माहौल में शोक छा गया। घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल है। वहीं पुलिस ने मौके पर पहुंचकर छानबीन की। घटना के आरोपितों की नामजद रिपोर्ट पुलिस में दर्ज कराई गई। है।

सेवढा अनुभाग के अतरेटा थाना क्षेत्र के ग्राम ढिमरपुरा निवासी फरियादी जयंती पत्नी कमलेश ने पुलिस को बताया कि उनके परिवार से पडौसी जनवेद केवट की पुरानी रंजिश चली आ रही है। गुरूवार रात उनके किसी रिश्तेदार ने अपनी बाइक जनवेद के घर के सामने रख दी थी। बाइक को खड़ी देख जनवेद केवट, करू केवट, करण केवट, बबलू, रिशुपाल बघेल व हेमलता पत्नी जनवेद बाहर आकर जयंती से गाली गलौच करने लगे।

जयंती ने जब उन्हें रोका तो वह मारपीट पर उतारू हो गए। महिला ने शोर मचाया जिस सुनकर उसका भतीजा फूलसिंह वहां आ गया और बीच बचाव करने लगा। गुस्से में रिशुपाल बघेल पुत्र गजाधर बघेल ने फूलसिंह पर व जनवेद केवट ने महिला जयंती पर गोली चला दी। जो फूल सिंह के कमर में और महिला के पैर में जा लगी। गंभीर रूप से घायल महिला और युवक को पुलिस ने सिविल अस्पताल सेवढ़ा पहुंचाया।

जहां से ग्वालियर रेफर कर दिया गया। ग्वालियर अस्पताल में इलाज के दौरान फूलसिंह की मौत हो गई। वहीं फरियादी महिला जयंती का इलाज चल रहा है। थाना प्रभारी शैलेंद्र सिंह गुर्जर ने बताया कि आरोपियों को पकड़ने के लिए हर संभव प्रयास कर रही है। मुखबिर द्वारा बताए जा रहे स्थानों पर दविश दी जा रही है।आरोपियों को जल्द ही पकड़ लिया जाएगा।

Share

Share on whatsapp
Share on facebook
Share on twitter