कैप्टन और शाह की मुलाकात में गठबंधन में एलान, अब तीन दल मिलकर लड़ेंगे चुनाव

नई दिल्ली :  पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री एवं नवगठित पंजाब लोक कांग्रेस के नेता अमरिंदर सिंह ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष जे पी नड्डा से सोमवार को यहां मुलाकात की। भाजपा ने घोषणा की है कि वह सिंह की पार्टी के साथ गठबंधन में पंजाब विधानसभा चुनाव लड़ेगी।

बैठक शाह के निवास पर जारी है जहां तीनों नेता मौजूद हैं। सिंह पंजाब चुनावों के लिए एक रणनीति तैयार करने के सिलसिले में भाजपा के अलग-अलग नेताओं से मुलाकात कर रहे हैं। समझा जाता है कि दोनों पार्टियां अकाली दल की विभिन्न शाखाओं को साथ लेकर एक बड़ा गठबंधन बनाएंगी।

पंजाब के भाजपा प्रभारी गजेंद्र सिंह शेखावत ने बताया कि आज तीनों दलों के प्रमुखों की बैठक हुई थी। इसमें सभी पार्टियों के 2-2 सदस्यों वाली एक कमिटी बनाने का फैसला हुआ है। यह समिति राज्य में सीट शेयरिंग और मेनिफेस्टो तैयार करने का काम करेगी।

उन्होंने कहा कि तीनों दलों की ओर से एक साझा घोषणापत्र पंजाब को लेकर जारी किया जाएगा। बता दें कि पंजाब का विधानसभा चुनाव इस बार बहुकोणीय हो गया है। कांग्रेस के अलावा आम आदमी पार्टी भी राज्य में मजबूत स्थिति में दिख रही है। इसके अलावा अकाली दल और बसपा गठबंधन में उतरे हैं। 

वहीं भाजपा, कैप्टन अमरिंदर सिंह और सुखदेव ढींढसा की पार्टी मिलकर तीसरा मोर्चा बना चुके हैं। वहीं किसान संगठनों ने अपनी नई पार्टी बनाकर चुनावी समर में उतरने का फैसला लिया है। माना जा रहा है कि ग्रामीण क्षेत्रों में किसानों की पार्टी का बड़ा असर देखने को मिल सकता है।

Share this with Your friends :

Share on whatsapp
Share on facebook
Share on twitter